Delhi News: दिल्ली में अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस का अंदाजा हाल ही में मयूर विहार में हुई लगातार पांच वारदातों से लगाया जा सकता है। चौंकाने वाली बात यह है कि ये सभी वारदातें 2 किलोमीटर के दायरे में हुईं। मयूर विहार में फोन छीनने वाले गिरोह ने पांच लोगों को निशाना बनाया और उनमें से दो को चाकू मार दिया। सभी पांचों मामलों की एफआईआर मयूर विहार थाने में दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि वे प्राथमिकता के आधार पर मामलों की जांच कर रहे हैं और कुछ संदिग्धों की पहचान कर ली है।
बाइक पर आया अपराधी
पहली वारदात 1 सितंबर को हुई, जब 52 वर्षीय एक निजी कंपनी के कर्मचारी राम सेवक सिंह मयूर विहार फेज 1 में उत्तरा गुरुवायुरप्पन मंदिर में थे। वह सड़क पर खड़े होकर अपना फोन चेक कर रहे थे, तभी चिल्ला की तरफ से लाल रंग की बाइक पर सवार दो युवक आए और राम सेवक सिंह के हाथ से फोन छीनकर भाग गए। उसी रात एक और व्यक्ति को भी शिकार बनाया गया।
रात करीब 9:46 बजे 21 वर्षीय राहुल नाम का युवक अपने दोस्त से फोन पर बात करते हुए ई-रिक्शा से घर लौट रहा था। इस दौरान काले रंग की स्कूटी पर दो लड़के आए और पीछे बैठे लड़के ने राहुल के हाथ से फोन छीन लिया। जब अपराधी भागने की फिराक में थे, तो राहुल ने उनका पीछा किया और स्कूटी को पकड़ लिया, जिससे दोनों अपराधी गिर गए। एक तो फोन लेकर भागने में कामयाब हो गया, लेकिन दूसरे को लोगों ने पकड़कर पीटा और पुलिस के हवाले कर दिया।
फोन छीनकर चाकू से किया वार
तीसरी घटना में एक वकील का फोन छीन लिया गया। दिल्ली में मीटिंग के लिए आए वकील अवनींद्र परिहार मयूर विहार डिस्ट्रिक्ट सेंटर के पास एक होटल में ठहरे थे। डिनर के बाद वे होटल के बाहर टहल रहे थे, तभी अचानक काले रंग का हेलमेट पहने एक व्यक्ति बाइक पर आया और उनका फोन छीन लिया।
चौथी घटना 2 सितंबर को रात करीब 12:10 बजे हुई। 28 वर्षीय प्रवेश हाद खाना खरीदने के लिए घर से बाहर निकले थे, तभी तीन लोगों ने उनका मोबाइल फोन छीनने का प्रयास किया। जब उन्होंने विरोध किया, तो उनमें से एक ने पीछे से उन पर चाकू से वार किया। जैसे ही वे गिरे, संदिग्ध उनका फोन लेकर भाग गए।
विरोध करने पर चाकू घोंपा
पांचवीं घटना 2 सितंबर को सुबह 6:20 बजे हुई। 24 वर्षीय विनीत नाम का एक व्यक्ति जिम जाने के लिए अपनी बाइक से घर से निकला था। वह अपने घर से कुछ मीटर की दूरी पर ही पहुंचा था कि बाइक सवार तीन लोग उसके पास आए और उसका फोन छीनने की कोशिश की। जब उसने विरोध किया, तो उन्होंने उसकी जांघ में चाकू घोंप दिया और उसका मोबाइल छीनकर भाग गए। उसकी चीख-पुकार सुनकर विनीत के पिता मदद के लिए दौड़े और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए। पुलिस को संदेह है कि पांच घंटे के अंतराल पर हुई दोनों चाकूबाजी की घटनाओं में एक ही गिरोह का हाथ हो सकता है।

