Greater Noida: सोमवार, 25 नवंबर को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ किसानों का बड़ा प्रदर्शन होने जा रहा है। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत इस प्रदर्शन का नेतृत्व करेंगे। लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे किसानों के समर्थन में टिकैत ग्रेटर नोएडा पहुंचेंगे। इस खबर के बाद से ही ग्रेटर नोएडा पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
बताया जा रहा है कि इस आंदोलन में हजारों की संख्या में किसान एकजुट होंगे। किसान अपनी जमीन से जुड़े 10% हिस्से और 64.7% बढ़े हुए मुआवजे की मांग कर रहे हैं। साथ ही, वे नए भूमि अधिग्रहण कानून का लाभ दिए जाने की मांग कर रहे हैं।
संयुक्त किसान मोर्चा कर रहा नेतृत्व
नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण से जुड़े लाखों किसान इस आंदोलन से प्रभावित हैं। भारतीय किसान यूनियन टिकैत के पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पवन खटाना ने जानकारी दी कि जिले के 10 से अधिक किसान संगठन एकजुट होकर इस प्रदर्शन को अंजाम देंगे। यह आंदोलन किसानों की समस्याओं को उठाने और समाधान की मांग के लिए किया जा रहा है।
लखनऊ तक पहुंची आवाज, फिर भी नहीं हुई सुनवाई
किसानों का कहना है कि उनकी समस्याओं को लेकर कई बार लखनऊ तक आवाज उठाई गई, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। चुनावी वादों के दौरान समाधान का आश्वासन मिलता है, लेकिन चुनाव खत्म होते ही उनकी मांगों को नजरअंदाज कर दिया जाता है। कई महीनों तक आंदोलन करने के बावजूद भी कोई ठोस राहत नहीं मिली है।
ये भी पढें..
प्राधिकरण पर ताला जड़ने की चेतावनी
प्रदर्शनकारी किसानों ने साफ कर दिया है कि अगर उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर ताला जड़ने का प्रयास किया जाएगा। इसके चलते प्राधिकरण परिसर में नोकझोंक और तनावपूर्ण स्थिति बन सकती है। इसको देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर लिए हैं।

