Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख इलाके में रहने वाली एक महिला ने अपने पति पर दुष्कर्म का प्रयास, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि महिला का अपने पति से तलाक का केस चल रहा है। इसके बावजूद भी पति उसे परेशान कर रहा है। महिला की शिकायत के आधार पर बिसरख पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पति ने दी तलाक की अर्जी
पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता ने बताया कि तीन साल पहले उसकी शादी नमन गुप्ता से हुई थी। 16 अप्रैल को उसके पति ने कोर्ट में तलाक की अर्जी दी। इसके बाद वह अपने पति का घर छोड़कर ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रहने लगी। 21 जुलाई की रात को उसका पति नमन गुप्ता जबरन उसकी सोसायटी में घुस आया। नमन उसके फ्लैट में आया और दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर उसने उसके साथ मारपीट की। शोर सुनकर पड़ोसी इकट्ठा हो गए, जिसके बाद उसका पति उसे जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग गया।
यह भी पढ़ें: Noida News: कोबरा कांड में यूट्यूबर एल्विश यादव ED के सामने पेश, लखनऊ में हो रही पूछताछ
पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद
पीड़िता के मुताबिक सेक्टर 41 में रहने वाले उसके पति और ससुराल वाले उसे लगातार परेशान करते हैं। वह अपने पति और ससुराल वालों की प्रताड़ना से काफी परेशान है। पुलिस ने बताया है कि उसकी शिकायत के आधार पर उसके पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद सामने आया है।