Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने परियोजना विभाग को बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। विभागाध्यक्षों और सभी कार्य मंडल प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने क्षेत्रों का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करें कि कोई भी सड़क टूटी न रहे।
बारिश के कारण कई सड़कें क्षतिग्रस्त
सीईओ ने गुरुवार को सभी विभागाध्यक्षों के साथ बैठक कर विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जनता को प्रभावित करने वाले मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण कई सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं और इन सड़कों पर रोजाना हजारों लोग सफर करते हैं, जिससे उन्हें असुविधा हो रही है और दुर्घटना का खतरा बढ़ रहा है। उन्होंने सभी क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत के आदेश दिए।
यह भी पढ़ें: Noida: एसीईओ प्रेरणा सिंह ने वर्क सर्किल 4 और 7 के कार्यों की समीक्षा की, अधिकारियों को लगाई फटकार
किसी भी तरह की कसर न छोड़ने के निर्देश दिए
सीईओ ने कहा कि जनता के मुद्दों को कार्यालय में बैठकर नहीं समझा जा सकता। सभी विभागाध्यक्षों और कार्य मंडल प्रभारियों को अपने क्षेत्रों का निरीक्षण कर समस्याओं को चिह्नित कर उनका समाधान सुनिश्चित करना चाहिए। सीईओ ने आगामी 25 सितंबर को होने वाले उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि तैयारियों में कोई कसर न छोड़ी जाए। बैठक के दौरान प्राधिकरण के एसीईओ आशुतोष द्विवेदी, एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस, एसीईओ प्रेरणा सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

