Noida: नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने बृहस्पतिवार को परियोजना विभाग के वर्क सर्किल 4 और 7 के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने विकास कार्यों में हो रही लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कहा कि गुणवत्ता बनाए रखना वर्क सर्किल प्रभारी की जिम्मेदारी है। यदि किसी विकास कार्य में गुणवत्ता की कमी पाई जाती है, तो वर्क सर्किल इंचार्ज के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
ठेकेदारों पर कसेगी नकेल
एसीईओ ने विकास कार्यों को समय पर पूरा करने में असफल रहने वाले ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी तकनीकी सुपरवाइजरों की उपस्थिति को सुनिश्चित करने के लिए जियो टैगिंग फोटो और लोकेशन की मांग की है। साथ ही, ठेकेदारों को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए हैं।
तालाबों का होगा सौंदर्यीकरण
एसीईओ ने लंबित विकास कार्यों के एस्टीमेट को शीघ्र स्वीकृत कर टेंडर जारी कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जीआईआरएस पर लंबित प्रकरणों को भी समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा है। इसके अलावा, उन्होंने तालाबों का सौंदर्यीकरण सीएसआर फंड से कराने और महत्वपूर्ण कार्यों के लिए कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया है।

