Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना पुलिस ने मोबाइल टावर से RRU (रिमोट रेडियो यूनिट) चोरी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इन आरोपियों ने दिन में मोबाइल टावर की रेकी कर रात के अंधेरे में महंगे RRU चोरी कर बेचने का संगठित अपराध रचा था। पुलिस के अनुसार, इन RRU की कीमत 8 से 10 लाख रुपये प्रति यूनिट होती है, जिन्हें ये चोरी कर चीन और रूस जैसे देशों में बेचने का प्रयास करते थे।
बिसरख पुलिस ने आरोपियों के पास से 10 RRU बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 80 लाख रुपये आंकी गई है। डीसीपी सेन्ट्रल, शक्ति अवस्थी ने बताया कि इन अपराधियों ने इससे पहले भी आधा दर्जन से अधिक घटनाओं को अंजाम दिया है।
दिन में करते थे रेकी, रात को करते थे चोरी
पुलिस जांच में सामने आया है कि ये आरोपी दिन में मोबाइल टावरों की रेकी कर, उनके सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेते थे। रात होते ही ये टीम मोबाइल टावर तक पहुँचकर RRU को हटाकर गायब हो जाती थी।
अंतरराष्ट्रीय तस्करी का इरादा
पुलिस का मानना है कि इन आरोपियों का इरादा इन महंगे उपकरणों को चीन और रूस जैसे देशों में भेजने का था, जहां पर इनकी बड़ी मांग है। शक्ति अवस्थी ने बताया कि इस मामले में और भी खुलासे होने की संभावना है, क्योंकि यह गिरोह संगठित तरीके से काम कर रहा था।
ये भी पढें..
अन्य घटनाओं में संलिप्तता की जांच
पुलिस अब इन आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि उन्होंने किन-किन स्थानों पर और किस तरह की चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस गिरोह के अन्य सदस्य और सहयोगी कौन-कौन हैं।

