PM Modi: वडोदरा में टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड (TASL) के परिसर में एक ऐतिहासिक क्षण देखने को मिला, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और स्पेन सरकार के राष्ट्रपति पेड्रो सांचेज ने संयुक्त रूप से C-295 विमान निर्माण के लिए टाटा एयरक्राफ्ट कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत के महान उद्योगपति रतन टाटा की कमी आज हम महसूस कर रहे हैं, यदि वह हमारे बीच होते, तो आज इस पहल को देख बहुत खुश होते। मोदी ने कहा कि भारत अब योजनाओं को लेकर तेजी से कार्य कर रहा है और इन्हें समय पर पूरा करने के प्रति प्रतिबद्ध है। यहां बने विमान का उपयोग न केवल भारत में, बल्कि अन्य देशों में भी किया जाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “भारत का रक्षा निर्माण इकोसिस्टम नई ऊंचाइयों को छू रहा है। पिछले 10 सालों में उठाए गए ठोस कदमों के कारण ही आज हम इतने बड़े स्तर पर रक्षा निर्माण कर पाने में सक्षम हुए हैं। उस समय शायद ही किसी ने सोचा होगा कि भारत इतने बड़े पैमाने पर डिफेंस से जुड़े सामान का निर्माण करेगा, लेकिन हमने नया रास्ता अपनाया और आज नतीजा हमारे सामने है। निजी क्षेत्र को रक्षा निर्माण में शामिल करने, ऑर्डिनेंस फैक्ट्रियों को नई कंपनियों में बदलने, DRDO और HAL को मजबूत करने जैसे कई निर्णयों ने इस क्षेत्र को नई दिशा दी है।”
‘विमानन क्षेत्र में अहम भूमिका निभाएगा यह प्लांट’
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत में विमानन क्षेत्र में पिछले दशक में अभूतपूर्व वृद्धि और बदलाव देखने को मिला है। इस प्लांट से ‘मेड इन इंडिया’ विमानों का रास्ता खुलेगा। भारतीय एयरलाइंस ने भी 1200 से अधिक नए विमानों के ऑर्डर दिए हैं। यह कारखाना भारत और दुनिया की भविष्य की जरूरतों को पूरा करने के लिए नागरिक विमानों के डिजाइन और निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
ये भी पढें..
‘यह प्लांट है विकास का इंजन और भारत-स्पेन मित्रता का प्रतीक’
स्पेन के राष्ट्रपति पेड्रो सांचेज ने इस अवसर पर दोनों देशों के बीच गहरे सांस्कृतिक संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि 1960 के दशक के अंत में भारतीय संगीतकार रवि शंकर और स्पेनिश गिटार वादक पाको डे लूसिया ने संगीत के माध्यम से दोनों देशों के बीच पुल का निर्माण किया था। यह प्लांट दोनों देशों के बीच गहरी मित्रता और औद्योगिक उत्कृष्टता का प्रतीक बनेगा।

