Greater Noida: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने रूपवास और बाईपास के पास सड़क की जमीन पर अतिक्रमण के खिलाफ ध्वस्तीकरण अभियान चलाया है। प्राधिकरण ने करीब 5000 वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 करोड़ रुपये है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने अधिसूचित क्षेत्रों में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
परियोजना विभाग लगातार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर रहा है। शुक्रवार को वर्क सर्किल 2 की टीम ने रूपवास और रूपवास बाईपास के पास सड़क की जमीन पर अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की। रूपवास बाईपास के पास 5000 वर्ग मीटर जमीन पर कॉलोनाइजर अवैध कॉलोनी विकसित करने का प्रयास कर रहे थे। परियोजना विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार के नेतृत्व में वर्क सर्किल 2 की टीम ने अतिक्रमण को ध्वस्त कर सड़क की जमीन को खाली कराया। प्राधिकरण के सुरक्षाकर्मियों की मदद से टीम ने इन प्लॉट नंबरों की 5000 वर्ग मीटर जमीन को भी अतिक्रमण से मुक्त कराया।
परियोजना विभाग के महाप्रबंधक एवं ओएसडी हिमांशु वर्मा ने चेतावनी दी कि प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र की भूमि पर अतिक्रमण करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने परियोजना विभाग के सभी वर्क सर्किल प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्र में भूमि अतिक्रमण पर कड़ी नजर रखें तथा किसी भी अतिक्रमण की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करें।
ये भी पढ़ें..
Ghaziabad: प्रॉपर्टी डीलर विक्रम मावी की हत्या के मामले में एक और भगोड़े आरोपी को किया गया गिरफ्तार
प्राधिकरण की एसीईओ अन्नपूर्णा गर्ग ने अवैध रूप से भूमि पर कब्जा कर विकसित की जा रही कॉलोनियों में मेहनत की कमाई निवेश न करने की सलाह दी। यदि किसी ने अवैध कॉलोनी में किसी कॉलोनाइजर से प्लॉट खरीदा है तो वह रजिस्ट्रेशन दस्तावेजों के साथ पुलिस को इसकी सूचना दें तथा प्राधिकरण को भी एक प्रति उपलब्ध कराएं, ताकि ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने कहा कि ग्रेटर नोएडा के अधिसूचित क्षेत्र में किसी को भी अवैध निर्माण करने की इजाजत नहीं है। उन्होंने सलाह दी कि ग्रेटर नोएडा में कोई भी भूमि खरीदने से पहले व्यक्ति प्राधिकरण से संपर्क कर पूरी जानकारी प्राप्त कर लें।

