Greater Noida: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी रवि कुमार एनजी की अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। गुरुवार को रवि कुमार एनजी के आदेश पर तुगलपुर गांव के पास अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया। इस कार्रवाई के दौरान ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी और पुलिस के जवान बड़ी संख्या में मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि भूमाफियाओं द्वारा कब्जाई गई करोड़ों रुपये की जमीन को मुक्त कराया गया।
अवैध निर्माण का स्थान प्राधिकरण की टीम पूरे दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की इस कार्रवाई का कुछ लोगों ने विरोध भी किया, लेकिन पुलिस बल के आगे किसी की एक न चली। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से मिली जानकारी के अनुसार सेक्टर सर्किल-4 क्षेत्र में तुगलपुर गांव के पास खास तौर पर प्लॉट नंबर 724, 725 और 703 पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा था। यह जमीन बाढ़ क्षेत्र में है, जहां किसी भी तरह का स्थायी निर्माण पूरी तरह से अवैध है, जैसा कि एक बोर्ड पर लिखा है।
ये भी पढ़ें..
इसके बावजूद भी कुछ लोगों ने इस जमीन पर अवैध निर्माण कर लिया था। सूचना मिलने पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने मौके पर पहुंचकर जांच की और फिर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। मौके पर सेक्टर सर्किल-4 के प्रभारी समेत प्राधिकरण के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

