Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण यानी यूपीसीडा के सीईओ मयूर माहेश्वरी ने सोमवार को कई औद्योगिक क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने कविनगर, बुलंदशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र और लोहा मंडी में जाकर सड़क निर्माण की जांच की। जांच के दौरान उनके साथ औद्योगिक क्षेत्र के प्रतिनिधि भी साथ थे। बाद में औद्योगिक क्षेत्र के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में यूपीसीडा के सीईओ मयूर माहेश्वरी ने भरोसा दिया कि जिले के सभी औद्योगिक क्षेत्रों की बुनियादी जरूरतों को पूरा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने औद्योगिक क्षेत्रों की जरूरतों को पूरा करने के निर्देश दिए ताकि उद्यमियों को किसी तरह की परेशानी ना हों। गाजियाबाद के औद्योगिक क्षेत्रों पर मुख्यमंत्री का संज्ञान है। इसी को देखते हुए उन्होंने सड़क निर्माण व दूसरे कार्यों का निरीक्षण करने आए हैं। मयूर माहेश्वरी ने उद्यमियों से सीधा संवाद कर समस्याओं से अवगत कराने को कहा।
यह भी पढ़ें: शराब पीने के बाद एक दोस्त ने ले ली दूसरे दोस्त की जान, जानें पूरा मामला
अतिक्रमण बड़ी समस्या
बैठक में उद्यमियों ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में अतिक्रमण एक बड़ी समस्या बनता जा रहा है। गाजियाबाद इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण शर्मा ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइटें लगाने और अतिक्रमण को हटाने की सख्त जरूरत है। ज्यादातर सड़कों के किनारों पर अतिक्रमण किया गया है। पार्कों की दशा बेहद खराब है। वर्षों से रखरखाव नहीं किया जा रहा है। रात के समय घुप्प अंधेरा छाया रहता है। आने जाने में परेशानी होती है। इस मौके पर यूपीसीडा के रीजनल मैनेजर प्रदीप सत्यार्थी, लोहा विक्रेता मंडल के अध्यक्ष अतुल जैन, साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र के अध्यक्ष मुकेश गुप्ता, साउथ साइड औद्योगिक क्षेत्र के अध्यक्ष हरिओम चौहान, अमृत स्टील औद्योगिक क्षेत्र के अध्यक्ष सत्यभूषण आदि शामिल थे।

