Ghaziabad News: दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर यात्रियों से भरी एक टूरिस्ट बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई, जिससे उसमें सवार एक महिला और ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के कारण एक्सप्रेसवे पर जाम जैसी स्थिति पैदा हो गई। अगर ड्राइवर सही समय पर ब्रेक नहीं लगाता तो बस किसी ट्रक से टकरा जाती और बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे के बाद दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर अफरातफरी मच गई और यातायात ठप हो गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को मौके से हटवाया और यातायात बहाल कराया।
कैसे हुआ हादसा
मोदीनगर से हरिद्वार जा रही टूरिस्ट बस को बुलंदशहर के चांदपुरा निवासी नफीस चला रहा था। बस में ड्राइवर और कंडक्टर समेत कुल 22 यात्री सवार थे। हादसा सुबह दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर भोजपुर टोल प्लाजा से करीब 100 मीटर आगे हुआ। बस के आगे चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए तो ड्राइवर ने ब्रेक लगाने का प्रयास किया। इस प्रयास में बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। डिवाइडर से टकराने पर बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया।
पुलिस और टोल कर्मचारियों की तत्परता से बची जान
टोल कर्मचारियों ने तत्काल भोजपुर पुलिस को हादसे की सूचना दी। भोजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और यात्रियों को बस से बाहर निकालकर भोजपुर गांव स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालत गंभीर होने के कारण हरिद्वार निवासी मनीषा रावत और चालक नफीस को मेरठ रेफर कर दिया गया। बाकी यात्रियों को कोई चोट नहीं आई।
यह भी पढ़ें: Greater Noida: कुणाल हत्याकांड में बड़ा अपडेट, केस में शामिल सभी आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत
एसीपी मोदीनगर का बयान
एसीपी मोदीनगर ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि हादसे में एक महिला और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। अन्य यात्री सुरक्षित हैं और उन्हें उनके गंतव्य तक पहुंचा दिया गया है। बस का परमिट और फिटनेस चेक किया जा रहा है। एक्सप्रेसवे पर यातायात अब सुचारू रूप से चल रहा है।

