Greater Noida: ग्रेटर नोएडा से अहम खबर यह है कि कुणाल हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कुणाल हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। यह कार्रवाई बीटा-2 पुलिस ने की है।
आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट लगाया गया
बीटा-2 थाना प्रभारी विद्युत गोयल ने आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है: हिमांशु पुत्र जीत सिंह चौधरी निवासी बुलंदशहर, उम्र 25 वर्ष; मनोज शर्मा पुत्र राजेंद्र शर्मा निवासी मायचा, दादरी, उम्र 34 वर्ष; कुणाल भाटी पुत्र पप्पू भाटी निवासी कासना, उम्र 22 वर्ष; और तनु पुत्री कृष्णा निवासी रोहतक, हरियाणा। इंस्पेक्टर विद्युत गोयल ने बताया कि इन आरोपियों ने फिरौती के लिए 15 वर्षीय किशोर का अपहरण किया था। फिरौती की मांग पूरी न होने पर उन्होंने लड़के की हत्या कर दी और शव को नहर में फेंक दिया। हिमांशु गिरोह का सरगना है।
ये भी पढ़ें..
गौरतलब है कि 1 मई को होटल व्यवसायी कृष्ण शर्मा के बेटे कुणाल नामक 15 वर्षीय लड़के का बीटा-2 क्षेत्र से अपहरण कर लिया गया था। उसका शव 4 मई को बुलंदशहर में नहर में मिला था। अपहरण की वारदात को कासना स्थित एक होटल से स्कोडा कार में सवार एक महिला और कुछ बदमाशों ने अंजाम दिया था और यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई थी। लड़के का शव 5 मई को मिला था। इस दुखद घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। कुणाल की मां सदमे में है और उसका रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार 10 मई को उसकी बहन की शादी की तैयारी भी कर रहा था, जिससे खुशी का यह मौका गम में बदल गया। कुछ आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया, जहां उनके पैर में गोली लगी। बताया जा रहा है कि गिरोह में शामिल तनु मेडिकल की छात्रा है।

