गाजियाबाद (Ghaziabad) शहर के विवेकानंद नगर नाले पर स्वदेशी पॉलिटेक्स कम्पनी लिमिटेड की ओर से पुलिया बनाई जा रही है। इसके विरोध में सोमवार को नगर निगम के दस पार्षदों ने नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक से मुलाकात की। स्थानीय पार्षद राजकुमार नगर ने बताया कि विवेकानंद नगर फ्लाईओवर के निकट बन रही पुलिया का बार-बार विरोध किया गया लेकिन विरोध का कोई असर नहीं होता है। नगर निगम ने जन सुनवाई पोर्टल पर की गई शिकायत पर अधिशासी अभियंता ने रिपोर्ट प्रस्तुत की है कि पुलिया निर्माण का कार्य स्वदेशी पालिटेक्स द्वारा कराया जा रहा है, जो कि उत्तरप्रदेश स्टेट इंडस्ट्रियल डवलेपमेंट कापोर्रेशन की देख रेख में हो रहा है।
अवैध तरीके से स्वदेशी पॉलिटेक्स कर रही पुल निर्माण दस पार्षद मिले नगर आयुक्त से
पार्षद राजकुमार नागर ने बताया कि नगर निगम के नाले पर उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्रधिकरण यानि यूपीसीडा की देखरेख में पुलिया निर्माण कैसे हो सकता है। सूचना के अधिकार अधिनियम 2005 के तहत यूपीसीडा से जानकारी मांगी गई थी। इस पर सूचना उपलब्ध कराई है कि स्वदेशी पालिटेक्स कंपनी लिमिटेड द्वारा नाले पर पुलिया का निर्माण किया जा रहा है। इसकी देखरेख यूपीसीडा की ओर से नहीं की जा रही है। यूपीसीडा ने उक्त नाले पर पुलिया का निर्माण करने की अनुमति नहीं दी है। पार्षदों का कहना है कि नगर निगम के निर्माण विभाग द्वारा किसी व्यक्ति या संस्था को नाले पर लेंटर डालने की अनुमति नहीं दी जा सकती है।
सभी पार्षदों ने नगर आयुक्त से एक मत में पुल निर्माण रोकने की मांग की
नगर निगम के सम्बंधित अधिकारी अवैध रूप से हो रहे पुलिया निर्माण को रुकवाने के बजाए अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रहे है। पार्षद राजकुमार नागर ने बताया कि पुलिया निर्माण से विवेकानंद नगर में प्रतिदिन दुर्घटनाएं होने का डर है। सभी पार्षदों ने एक मत से नगर आयुक्त से जनहित में उक्त पुलिया निर्माण को तत्काल रुकवाने की मांग की। नगर आयुक्त से मिलने वाले पार्षदों में मनोज त्यागी, वीरेंद्र त्यागी, नीरज गोयल, शीतल चौधरी, अमित त्यागी, प्रवीण कुमार, पवन गौतम, उदित मोहन, राजकुमार राजू व स्थानीय निवासी साथ रहे। वहीं नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक ने अपर नगर आयुक्त अरुण यादव, उद्यान प्रभारी डॉ.अनुज, सम्पत्ति अधिकारी भोकानाथ व अधिशासी अभियंता फरीद जैदी को मौके का मुआयना कर रिपोर्ट देने के आदेश दिए हैं।

