Ghaziabad News: आज लोकसभा चुनाव 2024 के पहले चरण के मतदान को लेकर चुनाव प्रचार थम जायेगा. पहले चरण के दौरान यूपी की 8 सीटों पर मतदान होना है जिसको लेकर सभी पार्टियां अपने उम्मीदवारों के पक्ष में आज अंतिम दमखम लगा रहे हैं. इसी कड़ी में पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव बुधवार को गाजियाबाद पहुंचे. दोनों नेताओं ने कौशांबी के रेडिसन ब्लू होटल में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कांग्रेस गठबंधन की गाजियाबाद से उम्मीदवार डॉली शर्मा का समर्थन किया।
पश्चिम की जो हवा चल रही है वह उत्तर प्रदेश और देश में बदलाव लाएगी
इस दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि पश्चिम की जो हवा चल रही है वह उत्तर प्रदेश और देश में बदलाव लाएगी और कांग्रेस गठबंधन गाजियाबाद से लेकर गाजीपुर तक क्लीन स्वीप करेगा. लूट और झूठ एनडीए गठबंधन की पहचान बन गयी है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से एक भी वोट न बंटने देने, सोच-समझकर मतदान करने और बूथों पर पहरा देने की अपील की.
कांग्रेस गठबंधन संविधान और लोकतंत्र की रक्षा कर रहा
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, ”यह चुनाव विचारधारा के बारे में है।” “कांग्रेस गठबंधन संविधान और लोकतंत्र की रक्षा कर रहा है। बेरोजगारी, मुद्रास्फीति और भागीदारी हमारे मुद्दे हैं। प्रधान मंत्री मोदी समुद्र के नीचे चले जाते है या आकाश में चले जाते है, उन्हें वास्तविक मुद्दों की परवाह नहीं है।”
बीजेपी उम्मीदवार के समर्थन में रोड शो कर चुके हैं पीएम
मालूम हो कि लोकसभा चुनाव का बिगुल कई दिन पहले ही बज चुका है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले ही बीजेपी उम्मीदवार के समर्थन में रोड शो कर चुके हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे. इस बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बीजेपी उम्मीदवार के नामांकन के दिन एक जनसभा को संबोधित किया.
इसी तरह बसपा प्रत्याशी के समर्थन में मायावती के भतीजे आकाश आनंद ने भी जनसभा को संबोधित किया है, लेकिन कांग्रेस गठबंधन प्रत्याशी के समर्थन में अब तक किसी भी बड़े नेता ने रोड शो नहीं किया है और न ही किसी जनसभा को संबोधित किया है.

