Ghaziabad News : गाजियाबाद में एक बार फिर पिटबुल का कहर देखने को मिला हैं, जहां पांचवी कक्षा में पढ़ने वाली 10 वर्षीय नाबालिग बच्ची को पिटबुल ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। 10 वर्षीय मासूम नाबालिग बच्ची के चेहरे , सीने , पेट और पेट के नीचे गहरे घाव आए हैं। दिल्ली के जीटीबी अस्पताल समेत तमाम जगह दिखाने के बाद परिजनों ने गाजियाबाद के निजी मैक्स अस्पताल में उसे भर्ती कराया है। जहां देर रात 3 घंटे तक बच्ची का ऑपरेशन किया गया। बच्ची की हालत अभी स्थिर है। आपको बता दें कि पिटबुल के हमले की बढ़ती घटनाओं के बाद गाजियाबाद नगर निगम ने पिटबुल के पालने पर रोक लगा दी थी। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार कुत्ते का रजिस्ट्रेशन चेक करने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पालतू पिटबुल कुत्ते ने मासूम बच्ची पर हमला करके गंभीर रूप से किया घायल
दरअसल गुरूवार की देर शाम लगभग 6:30 बजे शालीमार गार्डन के डीएलएफ कॉलोनी में रहने वाले नाज मोहम्मद की 10 वर्षीय मासूम पुत्री आलिया अपने पड़ोस बी – 8 में रहने वाली अपनी फ्रेंड मानवी को साथ खेलने के बुलाने के लिए उसके घर गई वहीं मानवी के पिता अमर सिंह का पालतू कुत्ता पिटबुल उस समय खुला हुआ था, जो की बच्ची को देखकर हमलावर हो गया। इसके बाद उसने नाबालिक मासूम आलिया पर हमला कर उसे कई जगह काट लिया , पिटबुल के काटने से बच्ची आलिया गंभीर रूप से जख्मी हो गई। इसके बाद परिजन बच्ची को इलाज के लिए कई अस्पतालों में लेकर गए , जहां बच्ची की ऑपरेशन कर सर्जरी के द्वारा ही घाव भरना असंभव बता दिया गया। वहीं जब मामले की शिकायत पुलिस में की गई तो कुत्ते मालिक द्वारा बच्ची के इलाज में आने वाले खर्च को दिए जाने की बात की गई , पर परिजनों के मुताबिक अभी तक ऑपरेशन में आने वाले पैसों को नहीं दिया गया है।
बच्ची की हालत बताई जा रही स्थिर
गाजियाबाद के वैशाली स्थित मैक्स हॉस्पिटल में बच्ची ऑपरेशन के लिए भर्ती कराई गई है। जहां बच्ची का 3 घंटे लंबा ऑपरेशन किया गया है। हालांकि बच्ची अभी बेहोश है लेकिन हालत स्थिर बताई जा रही है।

