गाजियाबाद (Ghaziabad) थाना कौशांबी क्षेत्र में झपटमारी की घटनाओं की रोकथाम और आए दिन मार पिटाई की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों और पुलिस के बीच बैठक आयोजित की गई। पूर्व पार्षद मनोज गोयल के नेतृत्व में पहुंचे लोगों ने बताया कि कौशांबी स्थित एंजेल मॉल में चल रहे बारों के कारण आए दिन झगड़ा और मार पिटाई होती है। इससे आसपास के लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
अवैध शराब के बार और तेज डीजे से लोगों को हो रही परेशानियां
पूर्व पार्षद मनोज गोयल ने बताया कि शादी का सीजन चल रहा है। कौशांबी में काफी मॉल और बैंक्वेट हॉल्स है। शादी के मौके पर तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा है। इससे लोगों को भारी परेशानी हो रही है। प्लॉट एरिया अध्यक्ष देवेंद्र भार्गव ने कहा कि एंजेल मॉल में चार शराब के बार चल रहे हैं लेकिन किसी के पास शराब परोसने का लाइसेंस नहीं है। आए दिन झगड़ा व मार पिटाई होती है। इन क्लबों में शराब परोसने का समय फिक्स किया जाना आवश्यक है।
आनंद विहार बस अड्डे पर खाने पीने के बाजार से बढ़ रहा क्राइम जानें कैसे
कारवा अध्यक्ष नागेंद्र विजयवर्गीय ने कहा कि गंगा टावर के पीछे ऑटो स्टैंड है ऑटो वाले गंगा टावर होते हुए थाने के सामने से निकलते हैं। आए दिन दुर्घटना होती हैं। रात 11:00 बजे के बाद वेब पिक्चर हॉल से लेकर आनंद विहार बस अड्डा लगने वाले खाने पीने के बाजार को बंद कराया जाए। इसके कारण क्राइम बढ़ रहा है।
थाना अध्यक्ष ने सभी समस्याओं का समाधान निकालने का दिया आश्वासन
डॉ. योगेश कुमार ने बताया कि बाहर के लोग आकर क्षेत्र का माहौल बिगड़ रहे हैं। थाना अध्यक्ष सर्वेश पाल ने सभी लोगों की समस्या व शिकायतों को सुनने के बाद समाधान निकालने का आश्वासन दिया है। इस अवसर पर प्लॉट एरिया के अध्यक्ष देवेंद्र भार्गव, सचिव चंद्र प्रकाश, कारवां के अध्यक्ष नागेंद्र विजयवर्गीय, डॉ योगेश कुमार, जीडी शर्मा, राकेश कुमार, कमल ओबेरॉय, रेनू मल्होत्रा, राकेश टंडन व रवि कुमार समेत कई लोग उपस्थित थे।

