Ghaziabad News: गाजियाबाद लोकसभा चुनाव के नतीजों में बसपा प्रत्याशी नंद किशोर पुंडीर समेत 12 प्रत्याशी अपनी जमानत बचाने में नाकाम रहे। पांच प्रत्याशी एक चौथाई वोट तक भी नहीं पहुंच पाए और एक तिहाई पर ही सिमट गए। इनमें से 11 को नोटा से भी कम वोट मिले। इस बार 8,211 लोगों ने नोटा का बटन दबाया। गाजियाबाद लोकसभा सीट पर 14 प्रत्याशियों में से अभिषेक पुंडीर को सबसे कम 653 वोट मिले। 11 प्रत्याशियों का कुल वोट प्रतिशत एक फीसदी से भी कम रहा।
बसपा प्रत्याशी नंद किशोर पुंडीर को 79,525 वोट मिले, जो कुल वोट का 5.41 फीसदी रहा। 11 प्रत्याशियों में से छह निर्दलीय थे और पांच अलग-अलग पार्टी के चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ रहे थे। पहले राउंड से लेकर आखिरी राउंड तक ये 11 प्रत्याशी लड़ाई में नजर नहीं आए। आखिरी कुछ राउंड में इन 11 प्रत्याशियों को एक भी वोट नहीं मिला और इनकी गिनती शून्य रही। मतगणना स्थल पर कांग्रेस, भाजपा और बसपा के समर्थक तो नजर आए, लेकिन अन्य 11 प्रत्याशियों के समर्थक नजर नहीं आए।
कई प्रत्याशियों का वोट प्रतिशत एक प्रतिशत से भी कम
एक ओर प्रत्याशियों का कुल वोट प्रतिशत एक प्रतिशत से भी कम रहा। इस बीच 8,211 लोगों ने नोटा का बटन दबाया। रवि कुमार पांचाल, आनंद कुमार, नत्थू सिंह चौधरी, औरंगजेब, अवधेश कुमार, पूजा सक्सेना, अंशुल गुप्ता, धीरेंद्र सिंह भदौरिया और अभिषेक पुंडीर को नोटा से भी कम वोट मिले।
भाजपा ने लगातार चौथी बार जीत दर्ज की
गाजियाबाद लोकसभा सीट पर भाजपा ने लगातार चौथी बार जीत दर्ज की। यहां भाजपा प्रत्याशी अतुल गर्ग ने गठबंधन की कांग्रेस प्रत्याशी डॉली शर्मा को 3,36,965 मतों से हराया। भाजपा प्रत्याशी अतुल गर्ग ने पहले राउंड से ही बढ़त बनाए रखी।
हारे हुए प्रत्याशियों की टिप्पणियां
हमेशा जनता के साथ खड़ी रहूंगी: डॉली शर्मा
कांग्रेस प्रत्याशी डॉली शर्मा ने कहा कि उन्हें मतदाताओं का फैसला स्वीकार है। वह गाजियाबाद की जनता के सुख-दुख में हमेशा उनके साथ खड़ी रहेंगी और उनके विकास के लिए काम करेंगी। हार-जीत तो प्रक्रिया का हिस्सा है और वह भविष्य में भी अपने प्रयास जारी रखेंगी।
पहला चुनाव, बहुत कुछ सीखा: नंद किशोर
बसपा प्रत्याशी नंद किशोर पुंडीर ने कहा कि यह उनका पहला चुनाव था और इससे उन्होंने बहुत कुछ सीखा। उन्हें पार्टी कैडर के वोट नहीं मिले। जो वोट मिले वह व्यक्तिगत और उनके समुदाय के थे। जिस चुनावी रणनीति के साथ वह मैदान में उतरे थे, वह पूरी तरह विफल हो गई।

