Ghaziabad News: इंदिरापुरम स्थित नार्थ इंडिया मॉल, जिसे पहले शिप्रा मॉल के नाम से जाना जाता था, द्वारा सड़क पर कब्जा कर जगह का निजी उपयोग किया जा रहा है। वैभव खंड स्थित साया गोल्ड और नार्थ इंडिया मॉल के बीच से गुजर कर राष्ट्रीय राजमार्ग-9 की ओर जाने वाली सड़क को अवैध तरीके से बंद कर दिया गया है। इस जगह का मॉल की ओर से अपने कार्य के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। सामाजिक संस्था उजागर फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने मंगलवार को जीडीए के उपाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह को पत्र देकर इस सड़क को अवैध कब्जे से मुक्त कर आम लोगों के लिए खोलने की गुजारिश की।
शिप्रा मॉल ने रास्ता पर कब्जा किया
फाउंडेशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवानी जैन ने बताया कि वैभवखंड स्थित साया गोल्ड व मॉल के बीच से होकर गुजर कर राष्ट्रीय मार्ग-9 जाने वाले रास्ते को नार्थ इंडिया मॉल यानी शिप्रा मॉल) ने कब्जा कर लिया है। शिप्रा मॉल ने न केवल रास्ता बन्द कर दिया है, बल्कि उपरोक्त स्थान का निजी उपयोग किया जा रहा है। इस सड़क पर अवैध तरीके से निर्माण भी किया गया है। सड़क बन्द होने के कारण वैभव खंड में रहने वाले लोगों को एनएच-9 जाने में काफी परेशानी होती है।
जाम से निजात के लिए सड़क खोला जाना आवश्यक
फाउंडेशन के सचिव सचिन सोनी ने बताया कि लोगों को करीब दो किमी का रास्ता घूमकर एनएच-9 पर जाना पड़ता है। इससे समय की बर्बादी होती है। सड़क को बंद किए जाने से अत्याधिक जाम की स्थिति बनी रहती है। इंदिरापुरम की जनता को जाम से निजात पाने के लिए उपरोक्त सड़क को जनहित में खोला जाना अतिआवश्यक है। ज्ञापन सौंपने वालों में पार्षद धीरज अग्रवाल भी साथ थे। जीडीए उपाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने अपर सचिव सीपी त्रिपाठी को पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।

