Ghaziabad News: राज्यसभा सांसद और प्रदेश प्रभारी की गिरफ्तारी को आम आदमी पार्टी ने लोकसभा चुनाव से पहले बड़ा मुददा बनाने का फैसला किया है। पार्टी ने मंगलवार से प्रदेश के हर जनपद में घर-घर दस्तक देकर पर्चे बांटने का अभियान शुरू किया है। पार्टी पर्चों के जरिए संजय सिंह की गिरफ्तारी का सच बताने का प्रयास किया गया है।
आम आदमी पार्टी ने प्रदेश के सभी जिलों में अभियान चलाकर प्रथम चरण में 25 लाख घरों में दस्तक देने का फैसला लिया है। मंगलवार को अभियान के तहत पार्टी कार्यकतार्ओं ने घर-घर दस्तक दी। घर में मौजूद लोगों को दो पेज का दस्तावेज देकर बताया गया कि सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी केंद्र सरकार के इशारे पर की गयी है। पर्चे में नारा दिया गया है कि मरना मंजूर है पर डरना नहीं।
भ्रष्टाचार उजागर किया तो जेल भेज दिया
जिलाध्यक्ष डॉ. सचिन शर्मा के नेतृत्व में टुकड़ियां बनाकर अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर दस्तक दे रही हैं। जिलाध्यक्ष डॉ सचिन शर्मा ने बताया कि संजय सिंह आम आदमी की आवाज, पटरी-रेहड़ी, दुकानदारों, पिछड़ों-दलितों की आवाज को संसद में उठा रहे थे तो उन्हें संसद से निलंबित किया गया। जब उन्होंने किसानों के संघर्ष की आवाज उठाई तो उन्हें ईडी का डर दिखाया गया। संजय सिंह ने जब केंद्र सरकार और उप्र सरकार के भ्रष्टाचार को उजागर करना शुरू किया तो संजय सिंह को जेल भेज दिया।
वरिष्ठ नेता निमित यादव ने कहा कि केजरीवाल सरकार के मॉडल के प्रति लोगों का रुझान बढ़ते देख मोदी सरकार ने अपने दोनों नुमाइंदों ईडी और सीबीआई के जरिये पहले सत्येंद्र जैन और मनीष सिसोदिया को जेल में डाला और शराब नीति के झूठे बवंडर में सबको घेरने की कोशिश कर आम आदमी पार्टी को खत्म करने की साजिश रची। मीडिया प्रभारी अधिवक्ता मनोज त्यागी ने कहा कि आज हम सबने पर्चों को बांट कर देश को जागरूक किया जाएगा। इस मौके पर उनके साथ जिला महासचिव मोहित चौधरी, मुकेश प्रजापति, जगत बिष्ट, रहीसुद्दीन सैफी, रोबिन कुमार, जहीर खान आदि उपस्थित रहे।

