Ghaziabad News: भाजपा की ओर से प्रत्याशी घोषित किए गए संजीव शर्मा शुक्रवार को सुबह 10 बजे नवयुग मार्केट स्थित चुनाव कार्यालय पर हवन करेंगे और उसके बाद नामांकन दाखिल करने कलेक्ट्रेट जाएंगे। महानगर भाजपा के मीडिया प्रभारी प्रदीप चौधरी ने बताया कि नेहरू नगर स्थित पार्टी कार्यालय पर प्रदेश के मंत्री व विधानसभा चुनाव प्रभारी कुंवर बृजेश सिंह के साथ ही क्षेत्रीय महामंत्री व विधानसभा प्रभारी हरिओम शर्मा से विचार-विमर्श के बाद संजीव शर्मा ने यह जानकारी दी।
चुनाव कार्यालय पर पार्टी कार्यकर्ताओं को भी करेंगे संबोधित
चुनाव कार्यालय पर हवन के बाद महानगर अध्यक्ष और भाजपा के विधानसभा प्रत्याशी पार्टी कार्यकर्ताओं को भी संबोधित करेंगे। इससे पहले मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि पार्टी ने एक कार्यकर्ता को प्रत्याशी बनाकर सभी कार्यकर्ताओं का सम्मान किया है। नेहरू नगर स्थित कार्यालय पर काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और संजीव शर्मा के समर्थक पहुंचे थे, हालांकि टिकट के अन्य दावेदारों में से कोई भी मौजूद नहीं था।
महंत नारायण गिरि से लिया आशीर्वाद
प्रत्याशी घोषित होने के बाद संजीव शर्मा सबसे पहले दूधेश्वरनाथ मंदिर गए, जहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना की और महंत नारायण गिरि से आशीर्वाद लिया। पार्टी कार्यालय में अपनी प्राथमिकताओं के बारे में बताते हुए उन्होंने दूधेश्वरनाथ कॉरिडोर के निर्माण और लाइनपार क्षेत्र में विकास कार्यों पर जोर दिया। इस मौके पर उन्होंने विधानसभा उपचुनाव में समाजवादी पार्टी के लिए सभी सीटें छोड़ने के कांग्रेस के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस ने चुनाव से पहले ही मैदान छोड़ दिया।

