Delhi Politics: 2025 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर यमुना नदी को साफ करने और उसमें डुबकी लगाने के वादे को लेकर निशाना साधने पर ध्यान केंद्रित कर रही है। इस बीच, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने प्रदूषण के खिलाफ विरोध स्वरूप यमुना में डुबकी लगाई और दिल्ली की सीएम आतिशी और आप नेता केजरीवाल को चुनौती दी कि वे पानी को हाथ में लेकर देंखे।
भाजपा ने आईटीओ छठ घाट पर अरविंद केजरीवाल और आतिशी के लिए कुर्सियां लगाईं। उन्होंने दोनों नेताओं से कहा कि वे स्वयं जाकर यमुना की स्थिति देखें। सचदेवा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने यमुना की सफाई के बहाने दिल्ली की जनता को धोखा दिया है और हर दूसरे वादे की तरह वे 2025 के चुनाव से पहले नदी में डुबकी लगाने का अपना संकल्प पूरा करने में विफल रहें।
केजरीवाल से पूछे तीखे सवाल
सचदेवा ने कहा, “पिछले 8 सालों में केंद्र सरकार ने यमुना की सफाई के लिए दिल्ली सरकार को 8,500 करोड़ रुपये दिए। वो पैसे कहां गए? अरविंद केजरीवाल ने भ्रष्टाचार करके उसे निगल लिया। आप शौचालय की सीट तक गायब कर देते हैं, यमुना को कैसे छोड़ेंगे? पैसे के लालच और सत्ता के नशे ने आम आदमी पार्टी को अहंकारी और असंवेदनशील बना दिया है।
उन्होने आगे कहा दिल्ली बद से बदतर होती जा रही है, लेकिन उन्हें दिल्ली के लोगों की कोई परवाह नहीं है। मैं सबको 2021 का वो वीडियो याद दिलाना चाहता हूं जिसमें केजरीवाल ने छाती पीटते हुए कहा था, ‘हम यमुना को साफ करेंगे, हम कोई आरोप-प्रत्यारोप नहीं करेंगे, हम यमुना में डुबकी लगाएंगे और अगर 2025 तक नदी साफ नहीं हुई तो हमें वोट न दें।'”
क्या था अरविंद केजरीवाल का वादा?
दरअसल, बीजेपी 2020 के विधानसभा चुनाव के पुराने वीडियो और 2021 के एक टीवी कार्यक्रम के जरिए केजरीवाल पर निशाना साध रही है। उस समय दिल्ली के मुख्यमंत्री के तौर पर अरविंद केजरीवाल ने वादा किया था कि वे 2025 तक यमुना को पूरी तरह से साफ कर देंगे। उन्होंने कहा था कि अगले विधानसभा चुनाव से पहले वे इसे साबित करने के लिए नदी में डुबकी लगाएंगे। अब, भाजपा उन्हें उस वादे की याद दिलाने के लिए झागदार, प्रदूषित यमुना की तस्वीरें दिखा रही है।

