Ghaziabad News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करने के लिए गाजियाबाद पूरी तरह सजकर तैयार है। प्रधानमंत्री 20 अक्टूबर को भारत की पहली रैपिड रेल को साहिबाबाद स्टेशन पर हरी झंडी दिखाएंगे। रैपिड रेल को हरी झंडी दिखाने के बाद प्रधानमंत्री साहिबाबाद से रैपिड रेल की सवारी भी करेंगे। वे रैपिड रेल के पहले यात्री के तौर पर टिकट खरीदेंगे। बाद में वसुंधरा सेक्टर-8 में बनाए गए सभास्थल में लोगों को संबोधित करेंगे।
एसपीजी ने किया स्टेशन और सभा स्थल का मुआयना
प्रधानमंत्री के आगमन से पहले मंगलवार को दिल्ली से आई एसपीजी टीम ने साहिबाबाद स्टेशन और सभा स्थल का मौके पर मुआयना किया। एसपीसी अधिकारियों ने साहिबाबाद स्टेशन में जहां प्रधानमंत्री रैपिड एक्स को हरी झंडी दिखाएंगे, वहां हर चीज का बारीकि से निरीक्षण किया। टीम ने सभास्थल का भी निरीक्षण किया।
सड़कों के दोनों ओर इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाई गई
वहीं, नगर निगम की ओर से साहिबाबाद को पूरी तरह चमकाया जा रहा है। सिर्फ साहिबाबाद स्टेशन ही नहीं, वसुंधरा और मोहननगर का भी रंगरोगन किया जा रहा है। सभा स्थल के आसपास सड़कों को नए तरीके से बनाया गया। सड़कों के दोनों ओर इंटरलॉकिंग टाइल्स लगा दी गई है। प्रधानमंत्री के सभास्थल पर तीन बड़े टेन्ट लगाए गए है। साथ ही रैपिड एक्स स्टेशन के पास एक छोटा टेंट लगाया गया है।

