Ghaziabad: त्यौहारों के मौके पर मिलावटी और अस्वास्थ्यकर खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के प्रयास में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) की टीम ने गाजियाबाद में नकली पनीर की बड़ी खेप पकड़ी है। मेवात से गाजियाबाद लाई गई दो बोलेरो पिकअप गाड़ियों में भरे हुए 865 किलो पनीर को जब्त करने के बाद नष्ट कर दिया गया।
एफडीए की टीम के अनुसार, गाड़ियों को रोकने के बाद उनमें से इतनी तेज दुर्गंध आ रही थी कि पनीर की जांच करना भी मुश्किल हो गया। इस पनीर को गाजियाबाद नगर निगम के भीखनपुर डंपिंग जोन में फेंकवाया गया, ताकि किसी प्रकार का स्वास्थ्य खतरा न उत्पन्न हो।
कैमिकल ड्रमों में लाया गया था नकली पनीर
सहायक आयुक्त अरविंद कुमार यादव ने बताया कि पनीर को कैमिकल के ड्रमों में भरकर मेवात से गाजियाबाद की ओर लाया जा रहा था। सूचना के आधार पर एफडीए टीम ने गाड़ियों को पकड़ा और पनीर के नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेज दिए। उन्होंने यह भी बताया कि रिपोर्ट आने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सहायक आयुक्त ने जनता से अपील की कि त्यौहारों के समय किसी भी खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता को अच्छी तरह जांच परख कर ही खरीदें। उन्होंने कहा कि संदिग्ध खाद्य पदार्थ दिखने पर एफडीए को सूचना दें, क्योंकि खराब गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों का सेवन स्वास्थ्य के लिए घातक हो सकता है।
ये भी पढें..
Noida: सुंदर भाटी के भतीजे अनिल भाटी की जेल से रिहाई के बाद नोएडा में बढ़ी हलचल
रविवार को भी पकड़ा गया था 500 किलो नकली पनीर
इससे पहले भी एफडीए ने अपने अभियान के तहत रविवार को मेवात से गाजियाबाद लाई जा रही बोलेरो पिकअप से 500 किलो नकली पनीर बरामद किया था। इस पनीर की अनुमानित कीमत 1.20 लाख रुपये थी, जो कि गाजियाबाद की पुरानी सब्जी मंडी स्थित मंजूर पनीर पर बिक्री के लिए लाया जा रहा था।

