Delhi News: दिल्ली में मोहल्ला क्लीनिक को बंद नहीं किया जाएगा, बल्कि नई सुविधाओं और नाम परिवर्तन के साथ इनकी संख्या दोगुनी की जाएगी। दिल्ली सरकार ने आयुष्मान भारत योजना को लागू करने के बाद मोहल्ला क्लीनिक का नाम बदलकर ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ करने का निर्णय लिया है। इसके तहत मौजूदा 553 मोहल्ला क्लीनिक को अपग्रेड कर नए नाम से संचालित किया जाएगा, साथ ही इतनी ही संख्या में नए केंद्र भी खोले जाएंगे।
चुनावी माहौल में मोहल्ला क्लीनिक एक महत्वपूर्ण मुद्दा बन गया था। आम आदमी पार्टी (AAP) का आरोप था कि भाजपा सरकार बनने पर इन क्लीनिकों को बंद कर दिया जाएगा। लेकिन अब सरकार ने स्पष्ट किया है कि ये बंद नहीं होंगे, बल्कि और अधिक संख्या में खोले जाएंगे।
1139 ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ होंगे संचालित
सरकार के अनुसार, दिल्ली में कुल 1139 शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर संचालित किए जाएंगे। इनमें मौजूदा 553 मोहल्ला क्लीनिक को अपग्रेड किया जाएगा, जबकि बाकी नए बनाए जाएंगे।स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह ने बताया कि नाम परिवर्तन के साथ-साथ इन स्वास्थ्य केंद्रों में सुविधाओं का भी विस्तार किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और व्यापक कवरेज प्रदान करना है।
प्रत्येक जिले में 30 दिन के भीतर नया आरोग्य मंदिर
दिल्ली सरकार ने सभी 11 जिलाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने जिलों में कम से कम एक नया आरोग्य मंदिर 30 दिनों के भीतर तैयार करें। इसके लिए सरकारी संपत्तियों का उपयोग किया जाएगा ताकि किराए की जगहों पर निर्भरता कम हो।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर में बढ़ेंगी सुविधाएं
स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह ने कहा कि केवल नाम बदलने से स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार नहीं होगा, इसलिए सरकार कई नई सुविधाएं भी जोड़ेगी। सरकारी परिसरों में बनाए जाने वाले आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में डे-केयर सुविधाएं, दवाइयां और जांच सेवाओं का विस्तार किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: Delhi News: अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार, सीमापुरी में पांच साल से चला रहा था चाय की दुकान
मोहल्ला क्लीनिक में गड़बड़ी की होगी जांच
दिल्ली सरकार ने मोहल्ला क्लीनिक में कथित गड़बड़ियों को लेकर विशेष सचिव और अन्य अधिकारियों को विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं। सरकार यह पता लगाना चाहती है कि कितने मोहल्ला क्लीनिक सरकारी परिसरों में और कितने किराए की जगहों पर चल रहे हैं। इस संबंध में अधिकारियों को 10 दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपने के लिए कहा गया है।

