Delhi News: शाहदरा जिला पुलिस की विदेशी प्रकोष्ठ सेल ने 19 फरवरी को एक बांग्लादेशी नागरिक को अवैध रूप से भारत में रहने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शाह अली के रूप में हुई है, जो नई सीमापुरी के डी-ब्लॉक इलाके में पिछले पांच वर्षों से चाय की दुकान चला रहा था। पुलिस ने उसे आर.के. पुरम स्थित विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) में पेश किया, जहां से उसे निर्वासन की प्रक्रिया के तहत हिरासत केंद्र भेज दिया गया।
पुलिस जांच में खुलासा
पुलिस उपायुक्त प्रशांत गौतम ने बताया कि उनकी टीम लगातार अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की जांच कर रही है। इसी दौरान सूचना मिली कि सीमापुरी इलाके में एक बांग्लादेशी नागरिक बिना वैध दस्तावेजों के चाय की दुकान चला रहा है। पुलिस ने छापा मारकर शाह अली को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह बांग्लादेश के बेगरहाट जिले का रहने वाला है और पांच साल पहले अवैध रूप से भारत में प्रवेश किया था। पुलिस से बचने के लिए उसने चाय की दुकान खोल ली थी।
पहले भी किया जा चुका है निर्वासित
पुलिस कमिश्नर के अनुसार, शाह अली ने स्वीकार किया कि उसे पहले भी बांग्लादेशी प्रकोष्ठ द्वारा वापस भेजा गया था, लेकिन 2018 में वह दोबारा भारत में घुस आया।
यह भी पढ़ें: Ghaziabad: मोदीनगर में दर्दनाक सड़क हादसा, तीन कांवड़ियों की मौत, दो घायल
दिल्ली में अवैध रूप से रह रहे अन्य बांग्लादेशी भी पकड़े गए
इससे पहले, फरवरी की शुरुआत में दिल्ली पुलिस ने फर्जी भारतीय पासपोर्ट और आधार कार्ड का उपयोग कर भारत में अवैध रूप से रह रहे तीन बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने पहाड़गंज इलाके से तीनों को पकड़ा और उनके पास से दो भारतीय पासपोर्ट, दो बांग्लादेशी पासपोर्ट, पांच आधार कार्ड, दो पैन कार्ड, एक मतदाता पहचान पत्र, कई बैंक दस्तावेज और एक बांग्लादेशी शिक्षा बोर्ड का प्रमाणपत्र बरामद किया था। पुलिस का कहना है कि अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

