Delhi News: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने आज एक नक्सली महिला को गिरफ्तार किया है, जो अपनी पहचान छुपाकर राजधानी में रह रही थी। महिला दिल्ली के पीतमपुरा इलाके में घरेलू सहायिका का काम कर रही थी। पुलिस के अनुसार, पकड़ी गई नक्सली झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुदाबुरु गांव की रहने वाली है और झारखंड पुलिस द्वारा वांटेड थी।
तीन मुठभेड़ों में थी शामिल
पुलिस की जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार की गई 23 वर्षीय महिला ने पांच साल तक कड़ी और गहन ट्रेनिंग ली थी। वह 2018, 2019 और 2020 में झारखंड पुलिस के साथ हुई तीन मुठभेड़ों में शामिल थी। आरोपी पर झारखंड के सोनुआ पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज था, जिसके चलते वह वहां से फरार होकर दिल्ली में रह रही थी।
नई पहचान के साथ रह रही थी दिल्ली में
पुलिस जांच में सामने आया कि महिला ने अपनी असली पहचान छिपाकर दिल्ली के पीतमपुरा इलाके में घरेलू सहायिका के रूप में काम करना शुरू किया था। वह यहां आम नागरिक की तरह रह रही थी ताकि पुलिस की नजरों से बची रह सके।
यह भी पढ़ें: Noida: नोएडा सेक्टर-32 के डंपिंग ग्राउंड में भीषण आग, दमकल की गाड़ियां मौके पर
नए क्रिमिनल कानून के तहत मामला दर्ज
दिल्ली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता, शस्त्र अधिनियम, विस्फोटक अधिनियम और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। क्राइम ब्रांच अब इस मामले की गहन जांच कर रही है कि महिला की किसी अन्य नक्सली संगठन से कोई और कनेक्शन तो नहीं था।