Sanjay Singh Arrested By ED: आबकारी नीति मामले में आम आदमी पार्टी सांसद संजय सिंह को प्रवर्तन निदेशालय ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है। इस पर भाजपा सांसद प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि दिल्ली की जनता को न्याय मिलना शुरू हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल इस शराब घोटाले के किंगपिन हैं और अगली बारी उन्हीं की है। सांसद मनोज तिवारी ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि इस घोटाले की जांच की आंच सिर्फ संजय सिंह या मनीष सिसौदिया या सत्येन्द्र जैन पर नहीं रहेगी, यह जल्द ही अरविंद केजरीवाल तक भी पहुंचेगी।
यह भी पढ़ें: शराब घोटाला मामले में ED ने आप सांसद संजय सिंह को किया गिरफ्तार
भ्रष्टाचार किया है तो जांच होगी
वहीं, सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी पर केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त भारत के निर्माण की दिशा में यह कदम उठाए जा रहे हैं। देश की जांच एजेंसियों का गठन देश के कानून के अनुसार किया गया है ताकि देश में भ्रष्टाचार न हो। हमने उन्हें भ्रष्टाचार करने के लिए नहीं कहा था। अगर उन्होंने भ्रष्टाचार किया है तो जांच होगी और कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पार्टी शासन करने और अपने परिवार के कल्याण के इरादे से सिस्टम में आई हैं। यह मोदी सरकार है जिसने ‘ना खाऊंगा, ना खाने दूंगा का फैसला किया है। भ्रष्टाचार मुक्त भारत के निर्माण की दिशा में ये कदम उठाए जा रहे हैं।
जय सिंह विक्टिम कार्ड खेल रहे
भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने कहा कि संजय सिंह वही विक्टिम कार्ड खेल रहे हैं जो पहले मनीष सिसोदिया ने खेला था। कोर्ट ने उन्हें राहत नहीं दी है। पूनावाला ने सवाल उठाए कि अब तक अगर पार्टी के नेता ईमानदार थे तो अगस्त 2022 में दर्ज की गई एफआईआर को रद्द क्यों नहीं किया। अगर कोई घोटाला नहीं हुआ तो आप पुरानी नीति पर वापस क्यों चले गए?
इधर, राजद सांसद मनोज झा ने कहा कि संजय सिंह को ईडी ने गिरफ्तार नहीं किया है, उन्हें भाजपा की इकाई ने गिरफ्तार किया है, जिसमें ईडी-आईटी-सीबीआई शामिल है। काले दिन शुरू हो गए हैं। इस तानाशाही के काल में, जो डर गया, वह मर गया। तानाशाह खुद भी डरे हुए हैं। इस डर का जवाब जल्द ही दिया जाएगा।

