Delhi Liquor Policy: दिल्ली की एक अदालत ने भ्रष्टाचार और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामलों में पूर्व उप मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) नेता मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका खारिज कर दी। बता दें कि सीबीआई और ईडी ने कथित उत्पाद शुल्क नीति घोटाले के संबंध में अलग-अलग मामले दर्ज किए थे।
दरअसल, विशेष न्यायाधीश कावेरी बावेजा ने आप नेता मनीष सिसोदिया को राहत देने से इनकार करते हुए अहम टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि जमानत देने का यह सही समय नहीं है. सीबीआई, ईडी और सिसोदिया का प्रतिनिधित्व करने वाले वकीलों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने पूर्व उप मुख्यमंत्री की जमानत याचिका पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था।
दूसरी बार जमानत याचिका खारिज
इस बीच, आम आदमी पार्टी ने कहा कि वह सिसोदिया की जमानत याचिका खारिज करने के अधीनस्थ अदालत के फैसले के खिलाफ दिल्ली उच्च न्यायालय का रुख करेगी। यह सिसोदिया की दूसरी जमानत याचिका थी, क्योंकि इससे पहले उन्हें निचली अदालतों से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक जमानत नहीं मिल पाई थी।
अदालत में जमानत पर बहस के दौरान ईडी ने आरोप लगाया कि दिल्ली उत्पाद शुल्क नीति मामले में मनीष सिसोदिया मुख्य साजिशकर्ता हैं। दूसरी ओर, सीबीआई ने तर्क दिया कि सिसोदिया एक प्रभावशाली व्यक्ति हैं और अगर उन्हें जमानत दी गई तो वह सबूतों के साथ छेड़छाड़ कर सकते हैं और गवाहों को प्रभावित कर सकते हैं।
क्या है आरोप
ईडी और सीबीआई ने उत्पाद शुल्क नीति में संशोधन में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए आरोप लगाया है कि लाइसेंस धारकों को अनुचित लाभ दिया गया, लाइसेंस शुल्क माफ कर दिया गया या कम कर दिया गया और सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बिना एल-1 लाइसेंस का विस्तार किया गया।

