Delhi Liquor Policy Case: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की मुश्किलें बढ़ गई हैं। एक तरफ उनकी जमानत पर रोक लग गई है, तो दूसरी तरफ सीबीआई ने उन्हें हिरासत में ले लिया है। पति की बढ़ती मुश्किलों को देखते हुए मुख्यमंत्री की पत्नी सुनीता केजरीवाल भी गुस्से में हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसका इजहार करते हुए कहा कि अब वह सभी की सद्बुद्धि के लिए नहीं, बल्कि अत्याचारी के विनाश के लिए प्रार्थना करेंगी।
आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल को बुधवार को सीबीआई ने राउज एवेन्यू कोर्ट परिसर में गिरफ्तार कर लिया। लंबी सुनवाई के बाद कोर्ट ने उन्हें तीन दिन की सीबीआई रिमांड पर भेज दिया। इस दौरान कोर्ट में मौजूद सुनीता केजरीवाल ने गुरुवार सुबह अपना गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी प्रार्थना बदलने का फैसला किया है। उन्होंने एक्स (पहले ट्विटर) पर लिखा, “अभी तक मैंने हमेशा सभी को सद्बुद्धि मिलने की प्रार्थना की है। लेकिन अब मेरी प्रार्थना अत्याचारी के विनाश के लिए होगी।”
गिरफ्तारी को तानाशाही और आपातकाल बताया
इससे पहले बुधवार को सुनीता केजरीवाल ने भी अपने पति की जमानत पर रोक और सीबीआई की गिरफ्तारी को तानाशाही और आपातकाल बताया था। उन्होंने एक्स पर लिखा, “अरविंद केजरीवाल को 20 जून को जमानत मिल गई। उसके तुरंत बाद ईडी ने स्टे ले लिया। अगले ही दिन सीबीआई ने उन्हें आरोपी बना दिया। और आज उन्होंने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पूरा सिस्टम यह सुनिश्चित करने की कोशिश कर रहा है कि वह जेल से बाहर न आ पाएं। यह कानून नहीं, यह तानाशाही है, यह आपातकाल है।”
पंजाब सीएम ने कहा – केजरीवाल पर हो रहा अत्याचार
इस बीच, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी कहा है कि केजरीवाल पर अत्याचार हो रहे हैं, लेकिन वह झुकेंगे नहीं। उन्होंने केजरीवाल की तस्वीर के साथ लिखा, “यह तस्वीर अत्याचार के खिलाफ संघर्ष की है। आप चाहे जितना भी जुल्म कर लें, अरविंद केजरीवाल झुकेंगे नहीं। ईडी कोर्ट से जमानत के बाद सीबीआई द्वारा गिरफ्तारी भाजपा के इशारे पर सीबीआई का खुला दुरुपयोग है। जिस तरह से आप राजनीति की नैतिकता भूल गए हैं, आपका नाम भी अत्याचारियों में लिखा जाएगा।”

