Delhi Liquor Policy Case: दिल्ली शराब नीति मामले में सीबीआई द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बुधवार, 26 जून को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने अरविंद केजरीवाल को 3 दिन की सीबीआई रिमांड पर भेज दिया। सीबीआई को 29 जून को शाम 7 बजे तक आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल को फिर से कोर्ट में पेश करना है। सीबीआई ने केजरीवाल की पांच दिन की हिरासत मांगी थी, लेकिन कोर्ट ने तीन दिन की रिमांड मंजूर कर ली।
सुनवाई के दौरान केजरीवाल की तबीयत बिगड़ी
बुधवार को कोर्ट में सुनवाई के दौरान आप नेता अरविंद केजरीवाल की तबीयत बिगड़ गई। पता चला कि केजरीवाल का शुगर लेवल गिर गया है। इसके बाद उन्हें दूसरे कमरे में बैठाया गया और चाय-बिस्किट दिए गए। कोर्ट रूम में उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल भी मौजूद थीं।
‘पूरा सिस्टम उन्हें बाहर निकलने से रोकने की कोशिश कर रहा है’: सुनीता केजरीवाल
इससे पहले सुनीता केजरीवाल ने सीबीआई द्वारा अपने पति अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, “20 जून को अरविंद केजरीवाल को जमानत दी गई थी। तुरंत ही ईडी ने उस पर रोक लगा दी। अगले ही दिन सीबीआई ने उन्हें आरोपी बना दिया और आज उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पूरा सिस्टम यह सुनिश्चित करने की कोशिश कर रहा है कि वह जेल से बाहर न आ पाएं। यह कानून नहीं, तानाशाही है, यह आपातकाल है।”
गिरफ्तारी के बारे में सीबीआई ने क्या कहा?
सीबीआई ने कहा कि अगर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को उस समय गिरफ्तार किया जाता, जब सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें अंतरिम जमानत दी थी, तो इससे माननीय कोर्ट के आदेश के बारे में गलत संदेश जाता। सीबीआई ने कहा कि यही वजह है कि उस समय केजरीवाल को गिरफ्तार नहीं किया गया।

