Delhi : दिल्ली के शाहीन बाग मार्केट में स्थित एक फुटवियर शोरूम में शनिवार सुबह अचानक आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सेवा विभाग की 8 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने की पूरी कोशिश की। इस हादसे में फिलहाल किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है, लेकिन आग ने शोरूम में रखा सारा सामान जलाकर राख कर दिया।
आग की सूचना मिलते ही दमकल की 8 गाड़ियां पहुंचीं
पीटीआई के मुताबिक, दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने बताया कि आग लगने की सूचना फायर विभाग को सुबह 11:17 बजे मिली थी। जैसे ही सूचना मिली, दमकल गाड़ियां तुरंत घटनास्थल पर भेजी गईं। अधिकारी ने बताया कि दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए पूरी ताकत से काम शुरू किया। हालांकि, आग के कारण शोरूम का सारा सामान जलकर राख हो गया है। आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है, और जांच जारी है।
आग बुझाने के दौरान यातायात जाम
आग बुझाने के अभियान के चलते शाहीन बाग इलाके में यातायात प्रभावित हुआ। दमकल गाड़ियों के मौके पर पहुंचने और राहत कार्यों के कारण यात्रियों को इलाके में ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा। पुलिस और दमकल विभाग ने तत्काल कदम उठाकर स्थिति को नियंत्रित किया, लेकिन आग की घटना के कारण काफी देर तक यातायात की स्थिति जटिल रही।
ये भी देखें : Vadodara Car Accident के आरोपी Rakshit Chourasiya का बड़ा दावा, “घटना के वक्त वह ‘नशे में’ नहीं था”

