Delhi CM Oath: शालीमार बाग विधानसभा सीट से पहली बार विधायक बनीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की रेखा गुप्ता ने आज दिल्ली की नई मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की। उनके साथ प्रवेश वर्मा, मनजिंदर सिंह सिरसा, आशीष सूद, पंकज सिंह, रविंदर सिंह इंद्राज और कपिल मिश्रा ने भी मंत्री पद की शपथ ली।
सूत्रों के मुताबिक, प्रवेश वर्मा को उपमुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी मिलने की संभावना है। नए मंत्रिमंडल में सभी वर्गों और समुदायों को प्रतिनिधित्व दिया गया है। दिल्ली सरकार में मुख्यमंत्री सहित अधिकतम सात मंत्री हो सकते हैं।
पीएम मोदी समेत भाजपा के बड़े नेता रहें मौजूद
शपथ ग्रहण समारोह रामलीला मैदान में आयोजित किया गया, जहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। एनएसजी कमांडो, दिल्ली पुलिस और आरएएफ के जवानों को तैनात किया गया। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, फिल्मी हस्तियां, साधु-संत और उद्योग जगत के बड़े नामों समेत हजारों लोगों के शामिल होने की संभावना थी।
रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री बनी हैं। उनसे पहले सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी इस पद पर रह चुकी हैं। 50 वर्षीय रेखा गुप्ता का विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से गहरा नाता रहा है। वे दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं और दिल्ली विश्वविद्यालय से विधि में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है।

