Delhi Minister List: दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने मुख्यमंत्री पद के लिए रेखा गुप्ता के नाम की घोषणा कर दी है। इसके साथ ही पार्टी ने मंत्रिमंडल के सदस्यों के नाम भी तय कर लिए हैं। आज (20 फरवरी) को रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री के साथ उनके मंत्रिमंडल के सदस्य भी शपथ लेंगे। सरकार में सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व देने की रणनीति के तहत मंत्रियों का चयन किया गया है। हालांकि, दिल्ली में उपमुख्यमंत्री पद होगा या नहीं, इस पर पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
सामाजिक समीकरणों को साधने की रणनीति
मुख्यमंत्री पद के चयन में महिला और वैश्य समाज को प्राथमिकता दी गई है, जबकि मंत्रिमंडल में पूर्वांचल, पंजाबी, ब्राह्मण और दलित समुदायों को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है। पार्टी नेतृत्व ने मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा के साथ ही मंत्रियों के नाम भी तय कर लिए थे।
ये विधायक लेंगे मंत्री पद की शपथ
बीजेपी सरकार में प्रवेश वर्मा के अलावा जिन विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी, उनमें आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, पंकज सिंह, रविंदर सिंह इंद्राज और कपिल मिश्रा के नाम शामिल हैं। सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय नेतृत्व ने सभी राजनीतिक और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए मंत्रिमंडल का गठन किया है।
गौरतलब है कि प्रवेश वर्मा, जो पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के बेटे हैं, ने आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल को हराकर जीत दर्ज की थी। वे मुख्यमंत्री पद के दावेदारों में से एक थे, लेकिन पार्टी ने रेखा गुप्ता के नाम पर मुहर लगाई।
रामलीला मैदान में भव्य शपथ ग्रहण समारोह
नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के लिए रामलीला मैदान में जोर-शोर से तैयारियां की गई हैं। यह समारोह गुरुवार दोपहर आयोजित होगा। इस ऐतिहासिक मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी, भारतीय जनता पार्टी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। इसके अलावा, कई विशिष्ट मेहमानों के साथ करीब 50,000 लोगों के समारोह में शामिल होने की संभावना है।
दिल्ली में बीजेपी की नई सरकार बनने के साथ ही राजधानी की राजनीति में नए बदलाव देखने को मिल सकते हैं। अब सभी की नजरें इस बात पर होंगी कि नई सरकार किन नीतियों को प्राथमिकता देती है और जनता की अपेक्षाओं पर कितनी खरी उतरती है।

