गाजियाबाद। खोड़ा कॉलोनी में गंगाजल सप्लाई की मांग को लेकर आमरण अनशन पर बैठे खोड़ा रेजिडेंट्स एसोसिशन के अध्यक्ष दीपक जोशी और उनके समर्थकों को बातचीत के लिए लखनऊ से बुलावा आया है। आज यानि मंगलवार को लखनऊ में उनकी उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह के साथ बैठक होगी। पिछले 12 दिनों से गंगाजल की मांग को लेकर आमरण अनशन पर बैठे दीपक जोशी ने बताया कि लखनऊ में होने वाली बातचीत के लिए उन्होंने अपना आमरण अनशन फिलहाल स्थगित कर दिया है।
अगर लखनऊ में आज होने वाली बैठक में खोड़ा में हर घर गंगाजल की सप्लाई की बात सरकार नहीं मानती है तो फिर से आमरण अनशन किया जाएगा। एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक जोशी के साथ मनोहर दत्त देवतल्ला और अमरचंद पिछले 12 दिनों से आमरण अनशन पर है। साहिबाबाद के विधायक सुनील शर्मा सोमवार को आमरण अनशन स्थल पर पहुंचे। वहां पहुंचकर उन्होंने दीपक जोशी की उप मुख्यमंत्री और जलशक्ति मंत्री से फोन पर बात कराई। दीपक जोशी ने बताया कि विधायक सुनील शर्मा के आग्रह पर उन्होंने अस्थायी तौर पर आमरण अनशन को फिलहाल खत्म करने पर तैयार हुए। विधायक सुनील शर्मा ने जूस पिलाकर अनशन को फिलहाल तुड़वा दिया।
ये भी पढ़ें..
करीब दस लाख की आबादी वाली खोड़ा कॉलोनी में पानी की सप्लाई नहीं है। प्रताप विहार जलप्लांट से टैंकर से कॉलोनी में पानी की सप्लाई की जाती है। यह मुद्दा राजनीतिक रूप से भी काफी प्रभावी है। हर घर जल देने के वादे के साथ पूर्व विधायक अमरपाल शर्मा की पत्नी मोहिनी शर्मा ने अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की। लोगों का कहना है कि जीत के बाद मोहिनी शर्मा अपने वादे को भूल गई। सोमवार 12वें दिन बड़ी संख्या में महिलाएं भी धरने पर बैठी।

