Lucknow News: यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने आज प्रदेश के पहले सीएम व देश के पूर्व गृहमंत्री भारत रत्न पं. गोविंद बल्लभ पंत की 136वीं जयंती पर लोक भवन परिसर में स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस मौके पर सीएम योगी ने कहा कि पं.गोविंद बल्लभ पंत एक महान स्वतंत्रता सेनानी थे। आजादी के बाद यूपी के पहले सीएम बने। प्रदेश की तरक्की और देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए पं. गोविंद बल्लभ पंत ने सतत प्रयास किया था।
गृहमंत्री के रूप में देश व प्रदेश की सेवा की
सीएम योगी ने कहा कि पं.बल्लभ ने आजादी की लड़ाई में बढ़ चढ़ कर भाग लिया था। उनकी राष्ट्र निष्ठा, उनकी कर्मठता व संगठन क्षमता को ध्यान में रखकर उन्हें यूपी के सीएम पद का दायित्व दिया गया। वह स्वतंत्र भारत के उत्तर प्रदेश के पहले सीएम बने। फिर उन्होंने केंद्र में गृहमंत्री के रूप में देश व प्रदेश की सेवा की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगे कहा कि वर्तमान में उत्तराखंड जो कि पहले यूपी का ही हिस्सा हुआ करता था, उसके कुमायूं मंडल में जन्मे पं.बल्लभ पंत को समाज और राष्ट्र के लिए किए गए योगदान के लिए मैं प्रदेशवासियों की ओर से याद करते हुए विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। इस मौके पर पूर्व मंत्री महेन्द्र सिंह, विधायक नीरज बोरा, अवनीश सिंह, योगेश शुक्ल, मुकेश शर्मा, महापौर सुषमा खर्कवाल समेत अन्य लोग भी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: डबल मर्डर केस का पुलिस ने किया पर्दाफाश, जानें क्या है पूरा मामला

