जब से उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार बनी है तब से प्रदेश के कई पुराने शहरों के नाम बदले जा चुके है। शहरों के साथ कई पुराने सड़कों के नाम भी बदलें गए है। इसी कड़ी में योगी सरकार ने प्रदेश की एक और सड़क का नाम बदल दिया है। बता दें कि नोएडा के एक मुख्य मार्ग का नाम बदलकर अब रामनाथ गोयनका कर दिया गया है। नोएडा अथॉरिटी ने अपनी बोर्ड मीटिंग में यह फैसला लिया है कि अमलताश मार्ग का नाम सुविख्यात पत्रकार रामनाथ गोयनका के नाम पर रखने जा रहा है। इसकी सिफारिश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यालय से भी की गई थी।
नोएडा की सबसे महत्वपूर्ण सड़क
गौरतलब है कि नोएडा सेक्टर 12/22 चौक से लेकर डीएनडी को जाने वाली अमलताश मार्ग नोएडा की सबसे महत्वपूर्ण सड़क है। इस सड़क से हर रोज लाखों सवारियां दिल्ली और नोएडा के बीच यात्रा करती हैं। नोएडा अथॉरिटी की योजना के अनुसार इस सड़क पर अमलताश के पेड़ लगाए जाने थे। इस कारण से इसका नाम तीन दशक पहले अमलताश मार्ग रख गया था लेकिन अब इसका नाम बदल दिया गया है।
दरअसल, रामनाथ गोयनका के परिजनों ने मुख्यमंत्री कार्यालय और नोएडा अथॉरिटी दोनों में मांग रखी थी कि अमलताश मार्ग का नाम बदलकर रामनाथ गोयनका के नाम पर किया जाए, जिसे फरवरी के लास्ट में हुए बोर्ड मीटिंग में पास कर दिया गया था। नोएडा अथॉरिटी के ओएसडी इंदु प्रकाश ने बताया कि शनिवार से यह लागू भी हो गया है, अगले हफ्ते से सभी बोर्ड्स भी बदल दिए जाएंगे। जहां पर भी अमलताश मार्ग लिखा है सब जगह पर रामनाथ गोयनका नाम लिख दिया जाएगा।
कौन थे रामनाथ गोयनका ?
रामनाथ गोयनका प्रख्यात पत्रकार और इंडियन एक्सप्रेस के संस्थापक थे। उनका जन्म 1904 में बिहार के दरभंगा में हुआ था। साल 1975 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने जब आपातकाल घोषित किया तो रामनाथ गोयनका का खाली पेज का अखबार विरोध का महत्वपूर्ण तरीका बन गया था। अमलताश मार्ग पर ही अभी इंडियन एक्सप्रेस का ऑफिस भी चलता है। उसी मार्ग का नाम अब प्रख्यात पत्रकार के नाम पर कर दिया गया है।

