आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद के ऊपर कल सहारनपुर के देवबंद में जानलेवा हमला हुआ था। जिसमें चंद्रशेखर बाल बाल बचे थे। गोली उनकी कमर से छू कर निकल गई। बता दें कि चंद्रशेखर इस हमले में घायल हुए है और उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। आज उनसे मिलने अंतरराष्ट्रीय पहलवान बजरंग पूनिया और साक्षी मालिक पहुंची है।
पहलवान पुनिया ने कहा कि आज सच की लड़ाई लड़ने वालों पर ही हमले हो रहे हैं। हमारी यही मांग है कि हमलावरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। पुनिया ने आगे कहा कि चंद्रशेखर आज़ाद किसी एक समाज के नहीं है बल्कि सर्व समाज के नेता है। उन्होंने आगे कहा कि आज़ाद सच की लड़ाई लड़ने वाले हर व्यक्ति के साथ खड़े रहते हैं। चाहे वह किसान आंदोलन रहा हो या फिर पहलवानों की लड़ाई। उन्होंने हर बार खुलकर साथ दिया है। इसी नाते जब यह पता लगा कि उन पर जानलेवा हमला हुआ है तो अपने को रोक नहीं सके और मिलने यहां आए हैं।
इसके अलावा पहलवान साक्षी मलिक भी आज़ाद से मिलने पहुंची और हमले की निंदा की। सखी ने कहा कि यह हमला शर्मनाक है। पुलिस को तत्काल इस वारदात का राजफाश कर अपराधियों को गिरफ्तार करना चाहिए। चंद्रशेखर उनके साथी हैं। उन्होंने उनके आंदोलन में भी साथ दिया था।
अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज
बता दें भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने अपने कार्रवाई में चार संदिग्ध हमलावरों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इसके अलावा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मिरागपुर गांव से संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार को भी कब्जे में लिया है। कार हमलावरों की है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।

