हरियाणा के सोनीपत में आज पहलवानों के समर्थन में महापंचायत का आयोजन किया गया। जिसमे यह निर्णय लिया गया कि अगर सरकार 15 जून तक आरोपी बृषभूषण के खिलाफ कोई निर्णय नहीं लेती है तो वह उसके बाद अपनी आगे की रणनीति का ऐलान करेंगे। इस दौरान पहलवान बजरंग पुनिया और साक्षी मलिक ने महापंचायत में मांग की कि कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष और आरोपी बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ़्तारी की जाए।
साक्षी मलिक ने कहा, ”बृजभूषण सिंह बाहर रहेगा तो डर का माहौल बना रहेगा। हमें लोगों का समर्थन मिल रहा है। हम सच्चाई की लड़ाई लड़ रहे हैं।” उन्होंने आगे कहा कि हम एशियन गेम्स तभी खेलेंगे जब ये सारा मुद्दा सुलझेगा।
वहीं बजरंग पुनिया ने महापंचायत में कहा कि ये बहन बेटियों की मान सम्मान की बात है। इस आंदोलन में दिल से लगे हुए हैं। कोई राजनीति नहीं कर रहे हैं। पुनिया ने कहा कि मुद्दे पर बात हो। 15 जून तक समाधान नहीं निकला तो वो फिर से जंतर मंतर पर धरना देंगे। हम 16 और 17 जून को अपने अगले कदम को लेकर घोषणा करेंगे।
बता दें कि बजंरग पुनिया ने सोनीपत में हुई महापंचायत के दौरान दावा किया कि सभी खाप पंचायतें और किसान संगठन अगले फैसले को लेकर उनकी कॉल का इंतजार कर रहे हैं। हमारा आंदोलन बृजभूषण सिंह की गिरफ्तारी तक चलता रहेगा।

