नोएडा। रक्षाबंधन पर मंगलवार से रोडवेज बसों में बहनों को निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। इस बार बहनें दो दिन बस में मुफ्त सफर कर सकेंगी। डिपो से 24 घंटे यात्रियों को बस की सुविधा मिलेगी। बस दो से छह अतिरिक्त फेरे लगाएंगी। इसके अलावा पूछताछ कक्ष 24 घंटे काम करेगा। इसके लिए आप 0120-2507864, 9557789076 , 7906352776 और टोल फ्री नंबर 18001802877 पर फोन कर सकते है।
इस बार दो दिन बस में मुफ्त सफर कर सकेंगी बहनें यूपी सरकार का रक्षांधन तोहफा
मोरना स्थित नोएडा डिपो में 180 बस हैं। सभी साधारण और सीएनजी से चलने वाली बस हैं। डिपो से लखनऊ, प्रयागराज, आजमगढ़, एटा, कासगंज, बंदायू, बरेली, मेरठ, आगरा, मथुरा, कोटद्वार, हरिद्वार, बिजनौर, नजीबाबाद समेत तमाम शहरों के लिए बसें चलती हैं। डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक नरेश पाल सिंह ने कहा कि बसें दूरी के आधार पर दो से छह अतिरिक्त फेरे लगाएंगी। इसमें सबसे ज्यादा बसों का संचालन नोएडा-ऐटा-मैनपुरी -कासगंज रूट पर किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 29 अगस्त की रात 12 बजे से 31 अगस्त की रात 12 बजे तक सभी महिलाओं को बसों में मुफ्त सफर की सुविधा मिलेगी। टिकट मशीन में तीन तरह के विकल्प रखे गए हैं। इसमें टिकट भुगतान के लिए नकद और यूपीआई का विकल्प मिलेगा। इसके अलावा तीसरा विकल्प महिलाओं के लिए टिकट का होगा। इसमें मशीन से टिकट तो मिलेगा लेकिन भुगतान राशि शून्य होगी।

