बुधवार सुबह नोएडा में पहले इलाके में तेज हवाएं और फिर भारी बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तक रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना जताई है। साथ ही तेज हवाएं और गरज के साथ बारिश होने की भी संभावना जताई है।
स्कूल-कॉलेज और ऑफिस जाने वालों को हो रही दिक्कत
सुबह बारिश होने से स्कूल-कॉलेज और ऑफिस जा रहे लोगों को परेशानियों का समाना करना पड़ा। हालांकि गनीमत रही कि पीक ऑवर्स से पहले बारिश रुक गई। फिलहाल कई मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक जाम की खबरें मिल रही हैं। जिले में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
IMD ने जारी किया बारिश का अलर्ट
आईएमडी के मुताबिक 21 अगस्त से 25 अगस्त तक बारिश होने की उम्मीद है, हालांकि यह पूरे दिन लगातार नहीं होगी। इसके बजाय सुबह और दोपहर में रुक-रुक कर बारिश होगी। आईएमडी ने यह भी बताया कि पहाड़ों में पश्चिमी विक्षोभ, जिसके दो दिन में सक्रिय होने की उम्मीद थी, ने पहले ही दिल्ली एनसीआर क्षेत्र को प्रभावित करना शुरू कर दिया है, जिससे सुबह से ही बारिश हो रही है। इस बारिश ने भीषण उमस से राहत दिलाई है। मौसम विभाग ने बताया है कि 23 अगस्त तक अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। इसके बाद अगले दो-तीन दिनों में तापमान में मामूली वृद्धि हो सकती है।
नोएडा में बारिश से जलभराव की समस्या
बारिश के दौरान नोएडा की सड़कों पर जलभराव की समस्या रही, जिससे वाहन चालकों को थोड़ी परेशानी हुई, हालांकि ट्रैफिक जाम कम रहा। खोड़ा से जुड़ी प्रमुख सड़कें जलमग्न हो गईं और हरौला, बरौला, सलारपुर और छलेरा जैसे इलाकों में जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ा। इसके अलावा, खराबी के कारण बिजली आपूर्ति बाधित रही।

