उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र स्थित सेंट्रल इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (CEL) के स्वर्ण जयंती समारोह में भाग लेने के लिए गाजियाबाद में रहेंगे। 50वें स्थापना दिवस का कार्यक्रम शाम 5 बजे शुरू होगा और शाम 6:30 बजे तक चलेगा।
गाजियाबाद में धारा 144 लागू
उपराष्ट्रपति की सुरक्षा के मद्देनजर गाजियाबाद में धारा 144 लागू कर दी गई है। कार्यक्रम स्थल के आसपास ड्रोन कैमरा, हॉट एयर बैलून और पैराग्लाइडिंग पर प्रतिबंध सहित कई प्रतिबंध लगाए गए हैं। गाजियाबाद के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त दिनेश कुमार पी ने बताया कि दिल्ली-यूपी सीमा से लेकर कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
ट्रैफिक पुलिस ने किया रूट डायवर्जन
उपराष्ट्रपति के कार्यक्रम के चलते ट्रैफिक पुलिस ने रूट डायवर्जन लागू किया है। ये डायवर्जन आज शाम 5 बजे से शाम 6:30 बजे तक प्रभावी रहेंगे। डिप्टी पुलिस कमिश्नर (ट्रैफिक) के मुताबिक, यूपी गेट से डाबर तिराहा, साहिबाबाद आरआरटीएस स्टेशन और सोलर एनर्जी रोड तक भारी और व्यावसायिक वाहनों का संचालन नहीं होने दिया जाएगा। वीआईपी काफिला गुजरने पर अन्य छोटे वाहनों को केवल 10 मिनट के लिए अस्थायी रूप से रोका जाएगा। इसके साथ साथ किसी भी तरह की घटना से बचने के लिए प्रशसन द्वारा हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है।
- ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर: 9643322904
- ट्रैफिक इंस्पेक्टर अजय कुमार: 9219005151
CEL का 50वां स्थापना दिवस
इलेक्ट्रॉनिक्स में अग्रणी CEL की स्थापना जून 1974 में गाजियाबाद में हुई थी। यह भारत सरकार के विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय की एक पहल है। इलेक्ट्रॉनिक्स के क्षेत्र में सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों के बीच CEL का एक अनूठा स्थान है, जो रेलवे सिग्नल और सुरक्षा उपकरण, दूरसंचार, स्विचिंग सिस्टम और सौर ऊर्जा प्रौद्योगिकियों में विशेषज्ञता रखता है।

