उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री व उत्तर प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की माता का आज 97 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। बता दें कि वह काफी लंबे समय से बीमार चल रही थीं। स्वतंत्र देव ने मां के निधन की खबर सुनते ही सारे कार्यक्रम रद्द कर दिए और वाराणसी एयरपोर्ट से अपने पैतृक घर मिर्जापुर के लिए रवाना हो गए। उनकी मां का अंतिम संस्कार मणिकर्णिका घाट वाराणसी पर होगा।
बहरहाल,उत्तर प्रदेश के दोनों ही उपमुख्यमंत्रियों (केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक) सहित तमाम भाजपा नेताओं ने उनकी मां के निधन पर शोक व्यक्त किया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सहयोगी कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह से फोन पर बात करके शोक संवेदना व्यक्त की है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर भी शोक जताया। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा कि उ.प्र. सरकार में मेरे सहयोगी स्वतंत्र देव सिंह की माताजी का निधन अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान व शोक संतप्त परिवार को यह दुःख सहने की शक्ति दें। ॐ शांति!
अपनी माता की मृत्यु की खबर सुनकर स्वंतंत्र देव सिंह भावुक हो गए। उन्होंने ट्विटर पर भावुक पोस्ट कर कहा कि ‘ईश्वर की इच्छा बड़ी प्रबल है. अंधकार में भी अपने विचारों और स्नेह से मेरा जीवन असीम रौशनी से भर देने वाली, मेरी दुनिया, मेरी पूज्य माताजी ने आज हम सब को छोड़कर इस संसार से विदा ली है। मैं उनके चरणों में नमन करता हूं। ॐ शांति!’

