कांग्रेस सांसद रणदीप सुरजेवाला के राक्षस प्रवृत्ति वाले बयान पर भारतीय जनता पार्टी ने पलटवार करते हुए जनता को भगवान के समान बताया । सोमवार को भाजपा नेता और प्रवक्ता गौरव भाटिया ने प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि कांग्रेस के इस बयान से पता चलता है कि ‘घमंडिया’ अब किस तरह भारत में जनता का अपमान कर रहा है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने आगे कहा कि भारत में ‘राक्षस’ प्रवृत्ति की मानसिकता ‘घमंडिया’ के अंदर ही बसती है। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गाँधी पर हमला करते हुए कहा कि यह चीजें केवल राहुल गांधी के निर्देशों के आधार पर ही हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले राहुल गांधी ने सदन के पटल पर कहा, “भारत माता की हत्या हो गई है।” उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का सम्मान किया जाना चाहिए चाहे कुछ भी हो, वे जिस पार्टी को वोट देते हों। संविधान के अनुसार यह उनका अधिकार है। गौरव भाटिया ने कांग्रेस को चेताते हुए कहा कि चुनाव नजदीक आ रहे हैं, जनता ऐसा सबक सिखाएगी कि वे समझ जाएंगे कि भारत के मजबूत लोकतंत्र में जनता भगवान के समान हैं। उन्होंने आगे कहा कि जो “राक्षसी” मानसिकता रखते हैं, भारतीय राजनीति में रहने का उन्हें कोई अधिकार नहीं है।
उल्लेखनीय है कि हरियाणा के कैथल में कांग्रेस सांसद रणदीप सुरजेवाला ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग भाजपा को वोट देते हैं और भाजपा के समर्थक हैं, वे ‘राक्षस’ प्रवृत्ति के हैं। उन्होंने कहा कि मैं महाभारत की इस भूमि से श्राप देता हूं।

