UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त करने का एक बार फिर से निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग को आदेश दिया है कि 10 अक्टूबर तक प्रदेश की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त कर दिया जाए। इसके साथ ही, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों को अधूरे हाईवे पर टोल टैक्स न वसूले जाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि सड़कों के निर्माण और मरम्मत कार्यों की जियो टैगिंग कराई जाए और उन्हें प्रधानमंत्री गति शक्ति पोर्टल से जोड़ा जाए। यह कदम नवनिर्माण अभियान की पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
विदेशी पर्यटकों और त्योहारों के मद्देनज़र विशेष निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सड़कों को गड्ढामुक्त करने के विशेष अभियान की समीक्षा करते हुए कहा कि आने वाले दिनों में कई प्रमुख त्योहार होंगे, जिनमें बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटकों के भी आने की संभावना है। ऐसे में यह आवश्यक है कि प्रदेश की सड़कें सुगम और सुरक्षित हों ताकि प्रदेश में आने वाले हर व्यक्ति के लिए यात्रा एक सुखद अनुभव बने।
मुख्यमंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में मंडी परिषद के अधिकारियों को फुल डेप्थ रीक्लेमेशन तकनीक का उपयोग करते हुए सड़कों का निर्माण करने के निर्देश दिए हैं।
ये भी पढ़ें..
कंपनियों पर रखी जाएगी सख्त नज़र
समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग, पंचायती राज विभाग, सिंचाई विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, नगर विकास विभाग, आवास एवं शहरी नियोजन विभाग सहित कई विभागों के अधिकारियों को बुलाया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़कों का निर्माण करने वाली कंपनियों और ठेकेदारों को सड़कों के अगले 5 वर्षों तक उनके अनुरक्षण की जिम्मेदारी लेनी होगी।
सीएम योगी ने कहा कि सड़कों पर किए जाने वाले बेतरतीब कार्यों से दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है, इसलिए इन्हें सही और व्यवस्थित ढंग से पूरा किया जाना चाहिए। इसके साथ ही, सड़कों पर सीवर लाइन और पाइपलाइन डालने के बाद उनकी उचित मरम्मत कराई जाए ताकि सड़कों की गुणवत्ता बनी रहे और यातायात बाधित न हो।

