UP News: उत्तर प्रदेश पब्लिक सर्विस कमीशन (यूपीपीएससी) परीक्षाओं को लेकर पहले से चल रहे विवाद और विरोध प्रदर्शन के बीच अब एक और बड़ी खबर सामने आई है। इलाहाबाद हाई कोर्ट ने यूपी हायर ज्यूडिशियल सर्विसेज 2023 की प्री परीक्षा को स्थगित कर दिया है। यह परीक्षा 8 दिसंबर 2024 को आयोजित होनी थी, लेकिन अब इसे स्थगित कर दिया गया है। हालांकि, परीक्षा स्थगित करने के कारणों या नई तारीख के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है।
इलाहाबाद हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल मान वर्धन ने इस संबंध में एक आधिकारिक विज्ञप्ति जारी की है, जिसमें बताया गया है कि यूपी हायर ज्यूडिशियल सर्विसेज 2023 की प्री परीक्षा फिलहाल स्थगित कर दी गई है। सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा की नई तारीख और अन्य संबंधित जानकारी के लिए हाई कोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट www.allahabadhighcourt.in पर नियमित रूप से नज़र रखें। फिलहाल, नई तारीख के ऐलान के बिना अभ्यर्थियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
83 पदों के लिए आवेदन और परीक्षा की अनिश्चितता
इस साल यूपी हायर ज्यूडिशियल सर्विसेज के तहत जिला जज के कुल 83 पदों पर भर्ती के लिए 15 मार्च से 15 मई 2024 तक आवेदन प्रक्रिया चलाई गई थी। इसी के तहत 8 दिसंबर को प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की जानी थी। लेकिन, परीक्षा स्थगित होने के चलते इन पदों पर भर्ती प्रक्रिया में देरी होना तय है।
परीक्षाओं में स्थगन और पेपर लीक की घटनाओं से छात्र आक्रोशित
पिछले कुछ महीनों में यूपी में परीक्षाओं को स्थगित करने और पेपर लीक की कई घटनाओं के कारण परीक्षार्थियों में नाराजगी और असंतोष बढ़ता जा रहा है। इस साल फरवरी में यूपी कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में पेपर लीक होने के कारण उसे अगस्त में पुनः आयोजित किया गया था। इसके अलावा, RO/ARO परीक्षा के पेपर लीक मामले के चलते उसे दिसंबर में दुबारा आयोजित किया जाएगा। इसी तरह UP PCS (PRE) परीक्षा को भी दिसंबर तक के लिए टाल दिया गया है, और अब यूपी हायर ज्यूडिशियल सर्विसेज की परीक्षा भी टल गई है।
ये भी पढें..
परीक्षाओं के स्थगन और पेपर लीक की घटनाओं से अभ्यर्थियों के भविष्य पर सवाल उठने लगे हैं। जहां एक ओर अभ्यर्थी सरकारी परीक्षाओं की अनिश्चितता और उनके आयोजन में हो रही गड़बड़ियों से परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर प्रदेश के प्रतियोगी परीक्षा प्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
अभ्यर्थियों के भविष्य पर संकट
अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि यूपी हायर ज्यूडिशियल सर्विसेज की प्री परीक्षा की नई तारीख कब घोषित की जाएगी। परीक्षा स्थगन के कारणों का भी कोई स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया है, जिससे उम्मीदवारों में हताशा और निराशा का माहौल बन गया है।

