UP News: बरेली के थाना इज्जतनगर क्षेत्र में दो समुदायों से जुड़े प्रेमी जोड़े का विवाद पुलिस के लिए चुनौती बन गया है। शुरुआत में युवती ने प्रेम, शादी और पति के प्रति अपनी आवाज बुलंद की थी, लेकिन अब वह अपहरण की नई कहानी सामने रख रही है। दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं, और सोशल मीडिया पर उनके नए-पुराने वीडियो वायरल हो रहे हैं।
प्रेमी जोड़े का अचानक गायब होना बना विवाद की वजह
इज्जतनगर क्षेत्र के मुड़िया अहमनगर गांव का सुमित यादव और उसकी पड़ोसन मुस्कान कुछ दिनों पहले अचानक अपने घर से गायब हो गए थे। युवक और युवती का अलग-अलग समुदाय से होने के कारण यह मामला संवेदनशील हो गया। युवती के परिवार ने सुमित और उसके साथियों पर युवती को बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप लगाते हुए थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने तलाश शुरू की। इसी बीच सोशल मीडिया पर मुस्कान का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें उसने खुद को बालिग बताते हुए अपने परिवार पर अपहरण का झूठा केस दर्ज कराने का आरोप लगाया और अपनी मर्जी से सुमित के साथ जाने की बात कही।
वीडियो बयान में मुस्कान का खुलासा
कुछ दिनों बाद मुस्कान ने पुलिस के सामने पेश होकर बताया कि उसने अपनी मर्जी से सुमित के साथ घर छोड़ा था और अपहरण का आरोप बेबुनियाद है। युवती का परिवार उसे नाबालिग बता रहा था, लेकिन जिला अस्पताल में हुई मेडिकल जांच में वह बालिग निकली। इस दौरान कानूनी प्रक्रिया पूरी होने तक मुस्कान को वन स्टॉप सेंटर में रखा गया और बाद में उसने कोर्ट में बयान दिए, जिसके बाद वह अपनी मर्जी से अपने परिवार के साथ चली गई।
मुस्कान ने पुलिस के सामने फिर बदले बयान
हाल ही में इस मामले ने एक नया मोड़ लिया, जब मुस्कान ने पुलिस अधिकारियों से मिलकर यह दावा किया कि सुमित और उसके घरवालों ने उसे जबरदस्ती कहीं ले जाकर उसका मुंह बंद कर दिया था। उसने अब सुमित और उसके परिवार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, सवाल यह उठ रहा है कि अगर उसका अपहरण हुआ था, तो उसने पहले पुलिस को इस बारे में क्यों नहीं बताया।
ये भी पढ़ें..
सुमित ने मुस्कान के आरोपों को बताया झूठा
दूसरी तरफ, सुमित यादव ने मुस्कान के बदलते बयानों को गलत ठहराते हुए कहा कि मुस्कान उसके साथ अमृतसर, नैनीताल, भवाली और हरिद्वार जैसे कई शहरों में रही है। वह उससे सच्चा प्यार करता है और उनके रिश्ते के कागजी प्रमाण भी उसके पास हैं। सुमित का कहना है कि मुस्कान ने उसके साथ बिना किसी दबाव के शादी की थी, लेकिन अब वह परिवार के दबाव में आकर अपने प्रेम संबंध को नकार रही है। सुमित ने उम्मीद जताई है कि मुस्कान एक दिन वापस उसके पास लौट आएगी, क्योंकि उसने शादी को एक मजाक नहीं समझा है।

