भाजपा सांसद और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने आज कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा है और बड़ा आरोप भी लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रधानमंत्री मोदी की हत्या कराना चाहती है। अडाणी तो सिर्फ बहाना है। मोदी को गाली देना है। दस साल में इनकी सरकार विवादों में घिरी रही। 10 साल में मोदी की सरकार उम्मीदों से घिरी रही है। केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि अब ये लोग कह रहे हैं कि मोदी का खात्मा होगा, तभी ये सरकार खत्म होगी। पहले तो ये गालियां देते रहे, मौत का सौदागर कहते रहे, मर जा मोदी कहते रहे, अब खात्मे की तैयारी कर रहे है।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने पंजाब में प्रधानमंत्री की सुरक्षा में चूक का हवाला देते हुए कहा, पीएम मोदी जब कांग्रेस की सरकार में पंजाब गये थे तब उनको बीच फ्लाईओवर पर रोका गया था और उनको मारने की पूरी तैयारी कर ली गई थी। कांग्रेस अब उनकी मौत की बातें करने लगी है। उनके नेता अब प्रधानमंत्री के खात्मे की बातें करने लगे हैं।
गौरतलब है कि कल पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री और राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने प्रधानमंत्री के खिलाफ विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा था ‘पहले मोदी को खत्म करो, अगर मोदी खत्म हो गया तो हिंदुस्तान बच जाएगा, नहीं तो हिंदुस्तान खत्म हो जाएगा। ‘ उन्होंने कहा कि ‘मैं तो सभी लीडर से यही कहता हूं कि अपने आपस के झगड़े खत्म करो। पहले मोदी को खत्म करने की बात करो। ‘

