संसद में बजट सत्र का आज चौथा दिन है लेकिन बीते तीन दिनों से चल रहा हंगामा खत्म होने के कोई आसार नहीं दिख रहा हैं। कांग्रेस नेता राहुल गाँधी द्वारा लंदन में दिए भाषण को लेकर भाजपा उनसे माफी की मांग कर रही है तो वही कांग्रेस अडानी मुद्दे को लेकर सरकार को लगातार घेर रही है। संभावना जताई जा रही है कि आज भी पक्ष और विपक्ष अपनी – अपनी मांग को लेकर हंगामा कर सकते है।
बता दें कि राहुल गाँधी कल यानी बुधवार को विदेश से भारत लौटे है। संभावना है कि वह आज सदन की कार्यवाही में हिस्सा ले। इस बीच उनके मीडिया से भी बात करने की संभावना है। इस बीच केंद्रीय कानून मंत्री एवं भाजपा नेता किरण रिजिजू ने आज गुरुवार को प्रेश कांफ्रेंस कर राहुल गांधी के लंदन में दिए गए बयान के संदर्भ में कहा कि संसद नहीं चलने से देश में चिंता का माहौल है। भाजपा का इस पर स्पष्ट मानना है कि देश के खिलाफ बयान स्वीकार नहीं किया जा सकता।
केंद्रीय कानून मंत्री ने आज पत्रकारों से बातचीत में राहुल गांधी के लंदन में दिए बयानों को लेकर उनकी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि देशवासी भले ही उन्हें गंभीरता से ना लें लेकिन विदेश के लोग उनसे अपरिचित हैं और उन्हें लग सकता है कि राहुल गांधी जो कह रहे हैं वह सही है। कांग्रेस पार्टी को देशवासियों ने सबसे ज्यादा शासन का अवसर प्रदान किया है और ऐसी पार्टी इस विषय को गंभीरता से नहीं ले रही।
रिजिजू ने एक बार फिर राहुल गांधी से माफी मांगने को कहा
भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने कहा, “पॉलिटिकल आइडियोलॉजी में अगर कुछ डिफरेंस होता है तो हमारे खिलाफ बोलते हैं तो चलता है लेकिन भारत के खिलाफ कोई बोलेगा तो हम लोग चुप नहीं रहेंगे। इसलिए यह बहुत क्लियर होना चाहिए कि राहुल गांधी को देश के सामने और लोकसभा में आकर माफी मांगना ही होगा।”
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी के बयानों से कांग्रेस पार्टी को नुकसान होता है या फिर उनको देश की जनता स्वीकार नहीं करती इससे भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़ता। लेकिन जहां तक देश की छवि का प्रश्न है उसको नुकसान पहुंचाना स्वीकार्य नहीं होगा।

