त्रिपुरा विधानसभा चुनाव खतम होते ही अब सभी राजनीतिक पार्टियां उत्तर – पूर्व के राज्य मेघालय और नागालैंड में चुनाव के लिए जुट गयी है। बता दें कि यहाँ 27 फरवरी को चुनाव होना है। भाजपा, कांग्रेस समेत तमाम क्षेत्रीय पार्टियां चुनाव जितने के लिए कमर कस ली है। भाजपा ने अपने चुनावी अभियान को और तेज कर दिया है। इसके मद्देनजर आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मेघालय के दालु में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने मुकुल संगमा और राज्य के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा पर कई आरोप लगाएं और तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि मेघालय में कई वर्षों से दो परिवारों का राज रहा है।
‘मुकुल और कोनराड ने खाया गरीबों का पैसा’
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आगे कहा कि इन दोनों परिवारों ने प्रदेश के लिए कुछ नहीं किया बस भ्रष्टाचार कर मेघालय के गरीबों का पैसा खाया है। अब दोनों परिवारों से मेघालय को मुक्ति दिलाने का समय आ चुका है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार बनाने का समय आ गया।
इस बीच अमित शाह ने पड़ोसी भाजपा शासित राज्य असम में हुए विकास कार्यों का बखान करते हुए कहा कि असम जाकर देखिए और समझिए कि विकास क्या होता है। असम में विकास का हर पहलू देखा जा सकता है, चाहे वह सड़क हो, राशन हो, आवास की सुविधा हो, बिजली हो या पानी।
अमित शाह ने कहा कि मोदी जी मेघालय के लिए पैसा भेजते हैं, लेकिन ये सुविधाएं आप तक नहीं पहुंचती, क्योंकि संगमा जी ने आप तक पहुंचने के सारे रास्ते बंद कर दिए हैं। एक बार सरकार बदल दो, सारी की सारी सुविधाएं आप तक पहुंच जाएंगी।
भाजपा के दिग्गज नेता अमित शाह ने मुकुल संगमा और कोनराड संगमा पर आरोप लगाते हुए कहा कि मुकुल संगमा और कोनराड संगमा ने गारो हिल्स के लोगों का वोट लेकर सरकार बनाई लेकिन गारो हिल्स का विकास नहीं किया। मेघालय के अंदर भ्रष्टाचार कम करने के लिए, विकास करने के लिए भाजपा की सरकार बननी चाहिए।

