प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उत्तराखंड के रोजगार मेले को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान कहा कि उत्तराखंड में केंद्र सरकार हो या भाजपा सरकार, प्रत्येक युवा को उनकी रुचि और क्षमता के आधार पर आगे बढ़ने के नए अवसर और तरीके सुनिश्चित करने का हमारा निरंतर प्रयास रहा है। पीएम मोदी ने आगे कहा कि पिछले कुछ महीनों में केंद्र सरकार ने लाखों युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए। राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में जहां भी भाजपा की सरकार है, उन सभी जगहों पर बड़े पैमाने पर इस तरह के अभियान चलाए जा रहे हैं।
जिन युवाओं को नियुक्ति पत्र मिला है उन्हें प्रधानमंत्री मोदी ने सलाह देते हुए कहा कि ”जिनको आज नियुक्ति पत्र मिल रहे हैं, उनके लिए यह नई शुरुआत का अवसर है। अपने सेवा भाव से आपको, राज्य और राष्ट्र में विकास और विश्वास के प्रयासों में अपना भरपूर योगदान देना है। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के माध्यम से भारत के युवाओं को नई सदी के लिए तैयार करने का संकल्प आज देश ने लिया है। उत्तराखंड में इस संकल्प को जमीन पर उतारने का दायित्व आप जैसे मेरे युवा साथियों के कंधे पर है।”
पुरानी धारणा को बदला
पीएम मोदी ने कहा, ”हमें उस पुरानी धारणा को बदलना है कि पहाड़ का पानी और पहाड़ की जवानी पहाड़ के काम नहीं आती। इसलिए हमारा निरंतर यह प्रयास रहा है कि पहाड़ में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बनाए जाएं। आज उत्तराखंड में इंफ्रास्ट्रक्चर पर इतना निवेश हो रहा है कि दूर-सुदूर तक आना-जाना तो आसान हो ही रहा है, रोजगार के भी नए अवसर पैदा हो रहे हैं।”
मुद्रा योजना भी रोजगार में कर रही मदद
प्रधानमंत्री ने मुद्रा योजना का जिक्र करते हुए कहा कि मुद्रा योजना भी रोजगार व स्वरोजगार में बड़ी मदद कर रही है। पूरे देश में 38 करोड़ मुद्रा ऋण दिए जा चुके हैं। उत्तराखंड के हमारे हजारों साथी भी इसका लाभ ले चुके हैं।

